मुजफ्फरनगर। थाना सिविल लाइन के सरवट निवासी साहिबा का निकाह तीन साल पहले शहर कोतवाली के मिमलाना रोड पर रहने वाले शाहनवाज के साथ हुआ था। शादी के बाद से शाहनवाज अपनी पत्नी को अतिरिक्त दहेज के लिए परेशान कर रहा था। इस कारण पिछले कई माह से साहिबा अपने मायके में रह रही थी। आरोप है कि पिछले कई दिन से शाहनवाज उसे अपने साथ ले जाने का दवाब बना रहा था। सोमवार को शाहनवाज सुबह के समय अपनी ससुराल पहुंचा था। इस दौरान साहिबा घर की रसोई में काम कर रही थी। वहां पहुंचे शाहनवाज ने उसे जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास किया।

साहिबा ने जाने से मना कर दिया तो शाहनवाज ने तमंचे से फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज सुन कर अन्य परिजन मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सौंप दिया। साहिबा के भाई मोहसीन ने यह जानकारी दी। सीओ सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि पति-पत्नी का विवाद था। परिजनों ने गोली चलाने का आरोप लगाया है। मुकदमा दर्ज कर आरोपी का चालान कर दिया है।