मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में पुलिस ने मुठभेड़ में डकैती के बाद हत्या करने वाले घुमंतु जाति के छैमार गिरोह के दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पैर में गोली लगी है। पकड़ा गया एक बदमाश काका उर्फ गोलू क्रिकेटर सुरेश रैना के फूफा, बुआ व एक अन्य की हत्या में पठानकोट में वांछित चल रहा था। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
बदमाश काका ने क्रिकेटर के फूफा की डकैती के दौरान हत्या कर दी थी। अंबाला में हुई डकैती व हत्या में भी वह वांछित है। पुलिस ने दोनों से एक बाइक व दो तमंचे बरामद किए है। एसएसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि एक सूचना पर सोमवार देर शाम पुलिस ने किदवई नगर चौकी के पीछे घेराबंदी की। पता चला था कि छैमार गिरोह किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। पुलिस ने किदवई नगर में बाइक सवार दो बदमाशों की घेराबंदी की तो वह पुलिस पर फायर कर भागने लगे। पुलिस मुठभेड़ में दोनों बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए।
पूछताछ में उन्होंने अपने नाम काका उर्फ गोलू व तालिब उर्फ फैजान बताए। एसएसपी ने बताया कि काका छैमार गिरोह के साथ बड़ी वारदात को अंजाम देता है। काका ने क्रिकेटर सुरेश रैना के फूफा, बुआ व एक अन्य की डकैती के दौरान हत्या कर दी थी। इसके अलावा काका ने तालिब के साथ मिलकर अंबाला में भी डकैती के दौरान एक परिवार पर हमला कर यहां भी गृह स्वामी की हत्या कर दी थी। दोनों फरार थे और उन्हें पकड़ा नहीं जा सका था। पंजाब पुलिस ने दोनों पर 50-50 हजार का इनाम घोषित कर रखा था।