शामली। चौसाना चौकी क्षैत्र के गांव पांथुपूरा निवासी प्रीति का अपने ससुराल पक्ष के लोगों से विवाद चल रहा था। एक महीने पूर्व विवाहिता अपने मायके चली गई थी। शनिवार शाम को प्रीति ससुराल में पहुंची तो आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने अभद्रता की, जिसका पीड़िता ने विरोध किया। इसी बीच ससुराल पक्ष के एक युवक ने तेजाब डाल दिया। इस घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला तेजाब अटैक के बाद थाना झिंझाना पहुंची और पुलिस से मदद की गुहार लगाई। पुलिस ने महिला को सीएचसी झिंझाना में भर्ती कराया।
चिकित्सकों ने महिला को गंभीर हालत में मेरठ रेफर कर दिया। प्रभारी चिकित्साधिकारी ऊन डा़ तरुण चौधरी ने बताया ज्वलनशील पदार्थ से झुलसी महिला आई थी, जो लगभग तीस प्रतिशत झुलसी हुई थी। उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। थाना प्रभारी धर्मेन्द्र सिंह ने बताया महिला प्रीति का अपने ससुराल पक्ष से विवाद चल रहा है। प्रीति ने अपने ऊपर एसिड डालने का ससुराल पक्ष पर आरोप लगाया है। महिला को हायर सेंटर रेफर किया गया है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।