शामली। तेरह दिन पूर्व रिश्तेदारी से वापिस लौटते समय यमुना में डूबे सत्तर वर्षीय बुजुर्ग जमशेद का क्षत-विक्षत शव हरियाणा के बापौली क्षेत्र में यमुना किनारे पड़ा मिला है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। विगत 17 सितंबर को हरियाणा रिश्तेदारी से होकर वापिस लौट रहा गांव भूरा निवासी सत्तर वर्षीय जमशेद खादर क्षेत्र के बसेड़ा घाट के सामने यमुना पार करते समय गहरे पानी में डूब गया था। स्थानीय पुलिस-प्रशासन के अलावा गाजियाबाद से आई एनडीआरएफ की टीम ने भी जमशेद की तलाश में यमुना में सर्च अभियान चलाया था, लेकिन उसका कोई सुराग नही लगा। बुधवार देर शाम जमशेद का शव हरियाणा के बापौली थानाक्षेत्र के गांव गोला खेड़ा के जंगल में यमुना किनारे पड़ा हुआ मिला। मृतक के शव पर घाव के गहरे निशान बताए गए है। पानी में फूलने की वजह से शव पूरी क्षत-विक्षत हो गया था। गुरुवार को मामले की सूचना पर मृतक के परिजन हरियाणा के बापौली में पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने मृतक जमशेद के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के शव को गांव में पहुंचने के बाद निकट स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जायेगा।