साहिबाबाद: घर के बाहर से अगवा पांच साल की बच्ची की पोस्टमार्टम रिपोर्ट उसके साथ हुई हैवानियत की कहानी बयां कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से रोंगटे खड़े कर देने वाला सच उजागर हुआ है। बच्ची के गुप्तांग पर चोट के गहरे और शरीर पर नोंचने के निशान मिले हैं। मौत का कारण गला घोंटना आया है। अगवा करने के कुछ घंटे बाद ही दुष्कर्म करके उसकी हत्या कर दी गई थी। पुलिस इस मामले में मुख्य रूप से चार पहलुओं पर जांच कर रही है।
करीबी और नशेड़ी पर सुई अधिक घूम रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट पुलिस को मिल गई है। उसके मुताबिक, बच्ची के गुप्तांग में चोट के गहरे निशान मिले हैं। इससे दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। पोस्टमार्टम के करीब 18 घंटे पहले यानी बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे बच्ची की मौत हुई थी। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के समय में दो-चार घंटे आगे-पीछे हो जाता है। इस कारण पुलिस इस दिशा में भी काम कर रही है कि बच्ची को अगवा करने के दौरान ही जंगल में ले जाकर दुष्कर्म किया गया। उसी समय उसकी हत्या करके शव को झाड़ियों में छिपा दिया गया।
पुलिस इस मामले में चार पहलुओं करीबी, नशेड़ी, रंजिश व अचानक हुई वारदात पर काम कर रही है। कालोनी में 19 घर हैं। पुलिस ने उनमें छानबीन की है। वहां से छह संदिग्धों से पूछताछ की है, लेकिन उनकी संलिप्तता सामने नहीं आई है। सात-आठ नशेड़ियों से भी पूछताछ की है। उनसे भी कोई अहम जानकारी नहीं मिली है। मौके पर सक्रिय मोबाइल नंबरों की जांच की है। उनमें से संदिग्ध नंबर सामने आए हैं। उनकी जांच की जा रही है। सीसीटीवी कैमरे में कुछ संदिग्धों की फुटेज मिली है।