कानपुर| कानपुर में बिपरजॉय चक्रवात का असर शहर में भी सोमवार से देखने को मिल सकता है। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के मौसम विभाग प्रमुख डॉ. एसएन पांडेय के अनुसार चक्रवात की वजह से दोपहर बाद से तेज हवा के साथ बारिश का पूर्वानुमान है, जो अगले चार दिनों तक जारी रह सकता है। चक्रवात के लो प्रेशर की वजह से बंगाल की खाड़ी से उठने वाली हवाएं जोर पकड़ सकती हैं, जिससे मानसून भी समय से पहले आ सकता है। मौसम के इस बदलाव से भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान में बताया गया है कि प्रदेश के 10 जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश का यलो अलर्ट भी जारी किया गया है। इसमें कानपुर के साथ प्रयागराज, बनारस, आगरा, अलीगढ़, आजमगढ़, गोरखपुर, लखनऊ, झांसी भी शामिल हैं।
यहां पर बारिश के साथ तेज रफ्तार से हवा चल सकती हैं। गंगा के तराई व ग्रामीण क्षेत्रों में कहीं-कहीं बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। डॉ. पांडेय के अनुसार चक्रवात उठने से पहले मानसून के इस बार चार जुलाई तक आने की संभावना थी।
विज्ञापन