शामली। देर रात थानाभवन से अपने गांव मानकपुर लौटते वक्त रास्ते में हुए सड़क हादसे में भाजपा के कैराना लोकसभा मीडिया प्रभारी योगेश शर्मा उर्फ योगी की मौत हो गई। योगेश की मौत से परिजनों सहित भाजपा कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। पूर्व गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने शोक व्यक्त किया है।
गांव मानकपुर निवासी योगेश शर्मा उर्फ योगी (34) पुत्र कृष्णपाल शर्मा पेशे से फोटोग्राफर थे। योगेश शर्मा कैराना लोकसभा क्षेत्र के भाजपा के सोशल मीडिया प्रभारी थे। शनिवार रात योगेश थानाभवन में अपने एक मित्र के पुत्र की जन्मदिन पार्टी में शामिल हुए थे। यहां से करीब दस बजे वे बाइक से अपने गांव मानकपुर के लिए निकले। रास्ते में खानपुर गांव के अंडरपास को पार कर मोड़ पर पहुंचे तो अचानक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। परिजनों के अनुसार टक्कर लगने से योगेश बुरी तरह घायल होकर सड़क किनारे जा गिरे। कुछ देर बाद मौके से गुजर रहे अनुज नाम के युवक ने योगेश को देख उनके भाई को सूचना दी।
सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और 112 की मदद से योगेश को थानाभवन के सामुदायिक चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने योगेश को मृत घोषित कर दिया। उनके एक पुत्र व पुत्री हैं। उधर, पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रविवार दोपहर करीब एक बजे गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच कर अज्ञात वाहन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
पूर्व मंत्री सुरेश राणा ने जताया शोक
योगेश शर्मा की मौत पर पूर्व गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने गहरा शोक व्यक्त कर परिजनों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की है। इसके अलावा पूर्व चेयरमैन संजय शर्मा ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है।