मुजफ्फरनगर। शहर के मोती महल गढ़ी गोरवान में मतदान के दौरान सराफा व्यापारी और उनके भाई के साथ मारपीट करने के मामले में विरोध जताते हुए व्यापारियों ने सराफा बाजार बंद कर दिया। नामजद हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग की गई। भाजपा नेताओं ने पहुंच कर पीड़ित व्यापारी से घटना की जानकारी ली। दो घंटे बाद व्यापारियों ने बाजार खोल दिया। भाजपा प्रत्याशी केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. संजीव बालियान और राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने भी पीड़ित व्यापारी से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली।
गढ़ी गोरवान निवासी हर्षित व उसका भाई गौरव वर्मा गढ़ी गोरवान मोती महल के महामना मालवीय पब्लिक स्कूल में वोट डालने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं के पास खडे होकर अपने परिचितों की वोटर पर्ची बनवा रहे थे। इसी दौरान एक राजनैतिक दल के कार्यकर्ता फराज, अजीम, नायब, नसीम,शालिम, मजहर, पूर्व सभासद नंद किशोर, आशु, शेरखान, आठ-दस युवकों ने दोनों भाइयों के साथ मारपीट कर दी थी। गौरव वर्मा को काफी चोट आई थी। सभी हमलावरों के खिलाफ मारपीट व सोने की चेन, हजारों रुपये लूटने के आरोप में शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है।
अभी एक भी हमलावर पकड़ा नहीं जा सका है। शनिवार को घटना से गुस्साए व्यापारियों ने सराफा बाजार सुबह के समय बंद रखा। भाजपा नेता सुनील दर्शन आदि ने व्यापारियों व पीड़ित व्यापारी से बातचीत की। दोपहर बारह बजे बाजार खोल दिया गया। उधर, मतदान के बाद शुक्रवार रात में भाजपा प्रत्याशी डॉ. संजीव बालियान व राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने घर पहुंच कर पीड़ित व्यापारी से मुलाकात की। सीओ सिटी व्योम बिंदल ने कहा कि आरोपी घर से फरार हैं, उनकी तलाश की जा रही है।