अमेठी। कांग्रेस की शनिवार शाम जारी हुई सूची में रायबरेली और अमेठी का नाम नहीं है। इससे पार्टी कार्यकर्ताओं में निराशा है। बीते दिनों पार्टी पदाधिकारी इस बारे में प्रियंका गांधी से मिल चुके हैं।
कांग्रेस की ओर से जारी चौथी सूची में भी चर्चित अमेठी सीट से प्रत्याशी घोषित नहीं होने पर कांग्रेसियों एवं समर्थकों को मायूसी मिली है। अमेठी से कांग्रेस प्रत्याशी को लेकर अभी संशय बरकरार है। कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता लगातार राहुल और प्रियंका गांधी को अमेठी से चुनाव लड़ने की मांग कर रहे है।
कांग्रेस पार्टी की ओर से लोकसभा चुनाव को लेकर अब तक चार सूची जारी कर प्रत्याशियों की घोषणा की गई है। जारी चौथी सूची में भी लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की सबसे हॉट व कांग्रेस का गढ़ मानी जाने वाली सीट अमेठी से कांग्रेस पार्टी की ओर से प्रत्याशी की घोषणा नहीं हुई। ऐसे में पक्ष विपक्ष एवं समर्थकों की उत्सुकता बढ़ती जा रही है। सभी की निगाहें कांग्रेस प्रत्याशी की घोषणा पर लगी हुई हैं।
कांग्रेस पार्टी की ओर से जारी पहली सूची में ही राहुल गांधी को वायनाड से प्रत्याशी घोषित कर दिया गया है। जबकि राहुल गांधी अमेठी सीट से लगातार वर्ष 2004, 2009 और 2014 सांसद रह चुके हैं। वर्ष 2019 उन्होंने पहली बार अमेठी के साथ वायनाड सीट से चुनाव लड़ा था, पहली बार दो सीटों से चुनाव लड़े राहुल गांधी को अमेठी में हार तो वायनाड से जीत मिली। कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को अमेठी सीट से चुनाव लड़ने की मांग कर रहे हैं।
इसके साथ ही पोस्टर बैनर एवं सोशल मीडिया के माध्यम से भी राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को अमेठी से चुनाव लड़ने की मांग कर रहे हैं। बीते दिनों कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रदीप सिंघल, पूर्व एमएलसी दीपक सिंह, धर्मेंद्र शुक्ल, शुभम सिंह, संजय पाठक सहित तमाम नेता इस संबंध में दिल्ली पहुंचकर अमेठी से राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के चुनाव लड़ने की मांग किए। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष समेत कई बड़े नेताओं ने राहुल गांधी के अमेठी से चुनाव लड़ने का दावा भी किया है। लेकिन अब तक राहुल गांधी सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी की ओर से इस संबंध में हुई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है। जारी चौथी सूची के बाद कांग्रेस नेता व कार्यकर्ताओं के साथ-साथ समर्थकों में मायूसी छाई है। फिर भी अभी उम्मीद शबंधी हुई है कि अमेठी रायबरेली से गांधी परिवार का सदस्य चुनाव लड़ेगा।
लोकसभा चुनाव को लेकर बहुजन समाज पार्टी की ओर से प्रदेश के 16 संसदीय क्षेत्रों में प्रत्याशियों की घोषणा करते हुए पहली सूची जारी की है। बसपा नेताओं और समर्थकों में उम्मीद थी कि पहली सूची में अमेठी सीट से प्रत्याशी की घोषणा हो जाएगी लेकिन अमेठी लोकसभा सीट से प्रत्याशी की घोषणा नहीं हुई। ऐसे में कार्यकर्ताओं और समर्थकों को अब अन्य सूची जारी होने का इंतजार करना पड़ेगा।