मुजफ्फरनगर। शिवचौक पर तिरंगा वितरण कार्यक्रम में भाजपा के जिलाध्यक्ष पर तिरंगा उल्टा पकड़ने का आरोप है। इस बाबत एक फोटो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। कांग्रेस के कार्यकारी शहर अध्यक्ष अब्दुल्ला आरिफ ने कार्यकर्ताओं के साथ शहर कोतवाली पहुंचकर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
तिरंगा वितरण कार्यक्रम के दौरान का है मामला
शनिवार को शिवचौक पर भाजपा का तिरंगा वितरण कार्यक्रम था। आरोप है कि इस दौरान खींचे गए फोटो में भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला और सुनील तायल हाथ में उल्टा तिरंगा लिए खड़े हैं। रविवार को कांग्रेस के कार्यकारी शहर अध्यक्ष अब्दुल्ला आरिफ कार्यकर्ताओं के साथ शहर कोतवाली पहुंचे। उन्होंने विजय शुक्ला और सुनील तायल के खिलाफ तहरीर दी। अब्दुल्ला आरिफ ने कहा कि भाजपा नेता सत्ता के नशे में तिरंगे का मान-सम्मान भूल चुके हैं। शहर कोतवाल आनंददेव मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उधर, विजय शुक्ला का कहना है कि किसी ने हाथ में उल्टा तिरंगा थमा दिया था। पता चलते ही उसे सीधा कर लिया गया। मेरे लिए तिरंगे का सम्मान अहम है।