मुजफ्फरनगर। दौर बदले, लेकिन खादर क्षेत्र के लोगों की समस्या का समाधान नहीं हुआ। पिछले 60 साल में गांव रतनपुरी और रामनगर के बीच करीब 100 मीटर लोहे के पुल बनवाने का वादा तमाम जनप्रतिनिधियों ने किया, लेकिन कभी पुल नहीं बनवाया। हाल यह है कि ग्रामीणों को छह किमी घूमकर चंद मिनटों का सफर घंटों में तय करना पड़ता है। बरसात में लोगों की जिंदगी भी यहां दांव पर लग जाती है।
खादर क्षेत्र में सोलानी नदी का पुल नहीं बन पाने से ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खादर क्षेत्र में सोलानी नदी में उत्तराखंड से प्रत्येक वर्ष पानी छोड़ा जाता है। सोलानी नदी के उफान पर आ जाने से पानी आसपास के गांव शेरपुर, बढ़ीवाला, भैंसली वाला ,रतन पुरी, रामनगर, रजगल्लापुर, शेरपुर नगला, चांचक, धूम्मनपुरी, भदोला, पांचली गांवों के रास्तों व जंगलों और खेतों में भर जाता है।
इसके चलते प्रत्येक वर्ष किसानों की करोड़ों रुपयों की फसलें बर्बाद हो जाने के साथ ही ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो जाता है। यही नहीं ग्रामीण अपने घरों से नहीं निकल पाते। महीनों तक मजदूर वर्ग के ग्रामीण मजदूरी करने नहीं जा पाते हैं। इस दौरान ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर ही नाव में बैठकर सोलानी नदी पार करनी पड़ती है।
गांव रामनगर, रजगल्लापुर, शेरपुर नंगला, रतनपुरी गांव के राजू प्रजापति, साधु राम, गुलशन कुमार, यादराम राम प्रजापति, बिजेंद्र सिंह, रामकुमार का कहना है कि फिलहाल गेहूं की कटाई चल रही है। सोलानी नदी में करीब पांच फीट पानी होने के कारण ग्रामीण नदी पार नहीं कर पा रहे हैं। किसानों व मजदूरों को आधे किमी का रास्ता करीब छह किमी का चक्कर काटकर खेतों पर जाना पड़ रहा है। स्कूल जाने के लिए छात्र छात्राओं को भी स्कूल जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दिनों में प्रशासन एक नाव लगा देता है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है।बरसात के बाद यहां से नाव हटा ली जाती है।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले करीब 60 वर्षों से ग्रामीण गांव रतनपुरी व रामनगर के बीच करीब 100 मीटर लोहे का पुल बनवाने की मांग क्षेत्र के सांसदों व विधायकों से करते आ रहे हैं। लेकिन अभी तक सोलानी नदी का पुल नहीं बन पाया है। चुनाव के बाद सभी वादे भूल जाते हैं।
कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार का कहना है कि ग्रामीणों के सामने समस्या है। संबंधित विभाग को पत्र लिखकर जल्द ही वहां पर लोहे का पुल बनवाया जाएगा।