मेरठ. प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने सपा-बसपा पर बड़ा हमला करते हुए भविष्यवाणी की है कि प्रदेश में सपा और बसपा धीरे-धीरे खत्म हो जाएगी। आज यहां उत्तर प्रदेश के मेरठ में सुभारती विवि में हुए गरीब कल्याण सम्मेलन में पहुंचे उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि भले ही हाल ही के चुनाव में उत्तर प्रदेश में सपा की सीटें बढ़ी जरुर हैं, लेकिन सपा कोई भविष्य नहीं है। कांग्रेस और बसपा तो खात्में की तरफ हैं ही। उन्होंने कहा कि 2022 के चुनाव परिणाम इस बात का प्रमाण है कि कांग्रेस-सपा और बुआ-बबुआ के गठबंधन को जनता नकार चुकी है।
गरीब कल्याण सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने सपा-बसपा की पूर्व की सरकारों पर गरीब और किसानों के लिए कोई काम नही करने का आरोप लगाते हु कहा कि पूर्व सरकारों ने केवल गरीब हटाए, गरीबी नहीं। उप मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि आज प्रदेश में पूरी तरह कानून का राज है। जबकि सपा सरकार में पहले सपा के गुंडों का आतंक था। खाली प्लॉट और मकानों पर कब्जा करना इनका काम था। इनके इन कामों की वजह से ही जनता ने चुनावों में उनको पूरी तरह नकार चुकी है।
उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि लोकसभा चुनाव में भी अभी दो साल का वक्त बाकी है लेकिन केंद्र में मोदी सरकार आठ साल पूरे कर रही है और आमजन के लिए चलाई जा रही विकास परख योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने के लिए हर स्तर पर प्रयास जारी है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ही दूर दृष्टि का परिणाम है कि कोरोना काल में देश की जनता को अधिक समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ा। उन्होंने कहा कि भाजपा सबके साथ और सबके विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
उप मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में सोतीगंज का जिक्र करते हुए कहा कि सोतीगंज वालों को भी देश के विकास और उन्नति के लिए भाजपा के साथ आना चाहिए। उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार को शपथ ग्रहण किए हुए अभी कुछ ही समय हुआ है लेकिन 45 डिग्री तापमान होने के बाद भी भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता आमजन के बीच पहुंच रहे हैं।