नई दिल्ली। जीवन बीमा खरीदना भविष्य सुरक्षित करने के साथ निवेश का भी आसान जरिया है। जागरूकता बढ़ने के साथ अधिक से अधिक लोग जीवन बीमा खरीद रहे हैं। लेकिन कई बार जीवन बीमा खरीदते समय कुछ गलतियां हो जाती हैं। इनमें ज्यादातर गलतियां जानकारी के अभाव में होती हैं। आइए जानते हैं कि वे कौन सी गलतियां हैं, जो लोग बीमा खरीदते समय आमतौर पर करते हैं।
बहुत से लोग एक साथ कई पॉलिसी खरीद लेते हैं। लोगों को गलतफहमी होती है कि ऐसा करने से वो और उनका परिवार अधिक सुरक्षित हो जाएंगे, लेकिन यह सोच सही नहीं है। जीवन बीमा को महज मुसीबत के समय काम आने वाले टूल के रूप में नहीं देखा जा सकता। ऐसा नहीं है कि यह सिर्फ अनहोनी की स्थिति में आपके काम आएगा। पॉलिसीधारक को जितनी बीमित राशि की आवश्यकता होती है, वह उनके भविष्य के वित्तीय लक्ष्यों और मौजूदा देनदारियों का योग होता है।
जब हमारे साथ सब कुछ सही हो रहा होता है तो हम सोचते हैं कि हमें अभी बीमा की क्या आवश्यकता है। यहीं गलती हो जाती है। कम उम्र में इंश्योरेंस के प्रीमियम भी कम होते हैं और इनके मेच्योर होने का पूरा फायदा मिलता है। उम्र बढ़ने के साथ प्रीमियम की राशि भी काफी बढ़ जाती है।
बच्चे के नाम पर बीमा
यह एक बहुत ही सामान्य गलती है जो आमतौर पर लोग करते हैं। याद रखें कि जीवन बीमा भविष्य की आय और मौजूदा देनदारियों के नुकसान से परिवार को बचाने का एक जरिया है।
बीमा की अवधि कम रखना
प्रीमियम को कम करने के लिए अधिकतर लोग देयता से कम अवधि का बीमा खरीदते हैं। लेकिन जीवन बीमा को आदर्श रूप से पॉलिसीधारक के पूरे जीवन के जोखिमों को कवर करना चाहिए।
गलत जानकारी देना
जीवन बीमा लेते समय एक और गंभीर गलती लोग करते हैं, वह है पॉलिसी में अपने बारे में गलत जानकारी देना। उदाहरण के लिए कई लोग अपनी सेहत या आदतों के बारे में सही जानकारी नहीं देते। शुरुआत में यह कोई बड़ा मुद्दा नहीं लगता, लेकिन बाद में ऐसी गलतियां पॉलिसी को पूरी तरह से अमान्य बना सकती हैं।