टटीरी। यमुना का जलस्तर बढ़ने से दिल्ली-शामली रेल मार्ग पर चलने वाली पांच ट्रेनों को रद्द कर दिया गया। जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इनके अलावा मार्ग पर चार पैसेंजर ट्रेन दो अक्तूबर तक रद्द रहेंगी।
रेलवे स्टेशन अधीक्षक सतीश शर्मा ने बताया कि दिल्ली में यमुना का जलस्तर बढ़ने के कारण बुधवार को मार्ग पर चलने वाली एक एक्सप्रेस सहित पांच ट्रेनें रद्द रहीं। मार्ग पर दिल्ली से सहारनपुर जाने वाली 04401 पैसेंजर ट्रेन सुबह नौ बजे बागपत रोड रेलवे स्टेशन आती है।
दिल्ली से कासिमपुर खेड़ी जाने वाली 04023 कासमपुर खेड़ी तक जाने वाली पैसेंजर ट्रेन शाम पौने पांच बजे और दिल्ली से सहारनपुर जाने वाली जनता एक्सप्रेस ट्रेन छह बजकर 22 मिनट पर स्टेशन पर पहुंचती है। इसके अलावा सहारनपुर से दिल्ली जाने वाली 14545 जनता एक्सप्रेस जो बागपत रोड रेलवे स्टेशन पर सुबह आठ बजकर 55 मिनट पर और कासमपुर खेड़ी से दिल्ली जाने वाली 04024 ट्रेन शाम को सात बजकर 20 मिनट पर स्टेशन पर पहुंचती है। इन सभी ट्रेनों को रद्द कर दिया गया।