चरथावल (मुजफ्फरनगर)। पहली बार बिरालसी में गठित नई गन्ना समिति का चुनाव होगा। भवन निर्माण नहीं होने के कारण तमाम प्रक्रिया दयानंद इंटर कॉलेज प्रांगण कराई जाएगी। पंचवर्षीय चुनाव का कार्यक्रम 10 अप्रैल से शुरू हो जाएगा। किसान नेताओं ने जोड़ तोड़ शुरू कर दी है।
सहकारी समितियों की चुनाव प्रक्रिया पूरी हो गई है। इस चुनाव में हार-जीत के बाद चुनावी समीकरण का खाका बैठाने में किसान नेता जुट गए है। पिछले चुनाव में रोहाना गन्ना समिति 82 गांव थे। मगर, क्षेत्रवासियों की मांग पर तत्कालीन गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने बिरालसी में नई गन्ना समिति गठित कराई थी। 31 दिसंबर 2021 को भूमि पूजन हो गया था। चहारदीवारी के निर्माण के बाद मानचित्र का स्वीकृत कराने का मामला शासन में अटका रहा। रोहाना समिति से अलग करते हुए शामली के तीन और चरथावल ब्लॉक के 23 गांवों को मिलाकर बिरालसी समिति बनी है।
चरथावल। 10 अप्रैल से मतदाता सूची का अनंतिम प्रकाशन होने के बाद प्रकिया शुरू होगी। तीन चरणों में चुनाव होगा। पहले चरण में 10 अप्रैल से 21 तक प्रतिनिधियों (डेलिगेटस) का चुनाव होगा। 27 अप्रैल से 11 मई तक संचालकों का चुनाव होगा, जिन्हें डेलीगेट्स चुनेंगे। 12 मई को सभापति और उप सभापति का चुनाव कराया जाएगा।
बिरालसी गन्ना समिति में करीब 50 प्रतिनिधि बनेंगे, जो नौ संचालकों का चुनाव करेंगे। बिरालसी, बिरालसा, रोनी हरजीपुर, मंगनपुर, पीपलशाह, भमेला, हरनाकी, बलवाखेड़ी, कान्हाहेड़ी, पिलखनी, दूधली, आलमगीरपुर, गुनियाजुड्ड़ी, अकबरगढ़, सिकंदरपुर, न्यामू, अरनायच, नगलां राई, महाबलीपुर, मुथरा, चौकड़ा, कसौली, कुल्हेड़ी और शामली समिति केगुज्जरहेड़ी, नगलां पिथौरा और पीपलहेड़ा के करीब साढ़े 10 हजार किसान नई समिति से जुड़ गए है। रोहाना में 56 गांव बच गए है। वहां चरथावल, कुटेसरा, रोहाना, बडकली, बहेड़ी, लुहारी आदि के करीब 24 हजार किसान रह गए है।
रोहाना से अलग होने के बाद बिरालसी की गठित समिति का चुनाव पहली बार होगा। भूमि पूजन को साल बीत चुका है। मगर, शासन से प्रक्रिया पूरी होने में भवन निर्माण नहीं हो सका। पहली बाद नौ वार्डों के लिए चुनाव होगा। चुनावी प्रक्रिया दयानंद इंटर कॉलेज प्रांगण में संपन्न होगी। – सोमपाल सिंह मुख्य प्रवर्तक बिरालसी समिति
शासन से भवन निर्माण का नक्शा मंजूर हो गया है। बेसमेंट के निर्माण के लिए मिट्टी की मजबूती की जांच के लिए प्रस्ताव लखनऊ लैब में लंबित है। चहारदीवारी का निर्माण हो गया है। भवन निर्माण के लिए 25 लाख रूपये स्वीकृति मिल गई है। चुनाव बाद कार्य शुरू करा दिया जाएगा। – शशि प्रकाश सिंह, सचिव बिरालसी/रोहाना गन्ना समिति