नई दिल्ली । प्रशासनिक कार्यों में प्रमुख भूमिका निभाने वाले महान ग्रह शनिदेव 11 अक्टूबर को सुबह 7 बजकर 47 मिनट पर मार्गी हो रहे हैं। इससे पहले ये 23 मई को दोपहर 2 बजकर 40 मिनट पर वक्री हुए थे। इनके वक्री मार्गी होने का पृथ्वी वासियों पर सीधा असर पड़ता है। वर्षपर्यंत शनि के मार्गी रहने का सभी राशियों पर कैसा प्रभाव पड़ेगा इसका ज्योतिषीय विश्लेषण करते हैं।
मेष राशि-
राशि से दशम कर्म भाव में मार्गी हुए शनिदेव आपके लिए शुभ परिणाम दायक सिद्ध होंगे। रोजगार की दिशा में किए गए सभी प्रयास सार्थक सिद्ध होंगे। इस अवधि के मध्य केंद्र अथवा राज्य सरकार के विभागों में प्रतीक्षित कार्यो का निपटारा होगा। किसी भी तरह के सरकारी टेंडर का आवेदन करना चाह रहे हों तो उसके लिए भी ग्रह-गोचर अनुकूल है। चुनाव से संबंधित कोई निर्णय लेना चाह रहे हों तो भी सफलता के योग। नौकरी में पदोन्नति सम्मान की वृद्धि होगी।
वृषभ राशि-
राशि से नवम भाग्य भाव में गोचर करते हुए मार्गी शनिदेव का प्रभाव बेहतरीन सफलता दायक रहेगा। यद्यपि कार्य मंद गति से चलेगा कुछ बाधाएं भी आएंगी लेकिन अंत में आप पूर्ण सफल रहेंगे। विदेशी कंपनियों में सर्विस अथवा नागरिकता के लिए किया गया प्रयास सफल रहेगा। साहस-पराक्रम की वृद्धि होगी। आपके द्वारा लिए गए निर्णय तथा किए गए कार्यों की सराहना भी होगी। परिवार के वरिष्ठ सदस्यों अथवा भाइयों से मतभेद बढ़ने न दें।
मिथुन राशि
राशि अष्टम आयु भाव में गोचर करते हुए शनिदेव का प्रभाव काफी उतार-चढ़ाव वाला रहेगा यद्यपि, काफी कुछ आपकी कार्य प्रणाली पर निर्भर करेगा कि आप किस तरह की योजनाएं बनाते हैं। कार्यक्षेत्र में षड्यंत्र का शिकार होने से बचें। प्रयास करें कि, कार्य संपन्न करें और सीधे घर आएं। झगड़े विवाद तथा कोर्ट कचहरी से संबंधित मामले भी बाहर ही सुलझा लेना समझदारी होगी। जितना संभव हो शनिदेव को प्रसन्न करते रहें और पीपल का वृक्ष लगाएं।
कर्क राशि-
राशि से सप्तम दाम्पत्य भाव में मार्गी हुए शनिदेव का प्रभाव अच्छा ही कहा जाएगा। शादी-विवाह से संबंधित वार्ता में थोड़ा और विलंब हो सकता है। ससुराल पक्ष से रिश्ते सहेज कर रखें। साझा व्यापार करने, किसी को अधिक धन उधार के रूप में देने और धोखाधड़ी से भी बचें। शासन सत्ता का पूर्ण सहयोग मिलेगा। किसी भी तरह की सरकारी नौकरी के लिए आवेदन करना चाहें तो अवसर बेहतर रहेगा। भावनाओं में बहकर लिया गया निर्णय नुकसानदेय हो सकता है।
सिंह राशि
राशि से छठे शत्रु भाव में मार्गी हुए शनिदेव का प्रभाव आपके लिए किसी वरदान से कम नहीं है। गुप्त शत्रु परास्त होंगे और कोर्ट कचहरी के मामलों में भी निर्णय आपके पक्ष में आने के संकेत किंतु स्वास्थ्य की दृष्टि से आपको अधिक सावधान रहने की आवश्यकता है। भागदौड़ की अधिकता रहेगी। विदेशी कंपनियों में सर्विस अथवा नागरिकता के लिए प्रयास करना चाह रहे हों तो अवसर अनुकूल रहेगा। किसी संबंधी अथवा मित्र के द्वारा अप्रिय समाचार प्राप्त के योग।
कन्या राशि-
राशि से पंचम विद्या-संतान भाव में गोचर करते हुए मार्गी शनि विद्यार्थियों एवं प्रतियोगिता में बैठने वाले छात्रों को अच्छी सफलता दिलाएंगे। प्रेम संबंधी मामलों में उदासीनता रहेगी। संतान संबंधी चिंता भी परेशान कर सकती है। नव दंपति के लिए संतान प्राप्ति एवं प्रादुर्भाव के भी योग। परिवार के वरिष्ठ सदस्य तथा बड़े भाइयों से मतभेद गहरा सकता है, अलगाववाद की स्थिति उत्पन्न न होने दें। कोई भी कार्य जब तक पूर्ण न कर लें उसे सार्वजनिक न करें।
तुला राशि-
राशि से चतुर्थ सुख भाव में गोचर करते हुए मार्गी शनि कई तरह के अप्रत्याशित परिणाम दिलाएंगे। काफी दिनों का प्रतीक्षित कार्य संपन्न होगा सामाजिक मान-सम्मान तथा पद प्रतिष्ठा की भी वृद्धि होगी। जमीन जायदाद से संबंधित मामलों का निपटारा होगा। मकान अथवा वाहन का भी क्रय करना चाह रहे हों तो अवसर अनुकूल रहेगा। इस अवधि के मध्य यात्रा सावधानीपूर्वक करें। सामान चोरी होने से बचाएं। माता पिता के स्वास्थ्य के प्रति चिंतन करें।
वृश्चिक राशि
राशि से तृतीय पराक्रम भाव में गोचर करते हुए मार्गी शनि आप में त्वरित निर्णय लेने की शक्ति और बढ़ा देंगे। अपने अदम्य साहस और पराक्रम के बल पर कठिन परिस्थितियों पर भी आसानी से विजय प्राप्त कर लेंगे। नौकरी में पदोन्नति तथा मान-सम्मान की वृद्धि होगी। एक बार जो ठान लेंगे उसे पूरा करके ही छोड़ेंगे। विदेशी कंपनियों में सर्विस अथवा नागरिकता के लिए किया गया प्रयास सफल रहेगा। अपनी ऊर्जाशक्ति का पूर्ण उपयोग करते हुए आगे बढ़ें, सफल रहेंगे।
धनु राशि-
राशि से द्वितीय धन भाव में गोचर करते हुए मार्गी शनि आपको आर्थिक रूप से समृद्ध तो बनाएंगे ही महंगी वस्तु पर खर्च भी कराएंगे। काफी दिनों का दिया गया धन भी वापस मिलने की उम्मीद। अपनी वाणी कुशलता के बलपर कठिन हालात पर भी आसानी से नियंत्रण पा लेंगे। स्वास्थ्य के प्रति चिंतनशील रहें परिवार में भी अलगाववाद की स्थिति उत्पन्न न होने दें। विद्यार्थियों एवं प्रतियोगिता में बैठने वाले छात्रों को परीक्षा में अच्छे अंक लाने के लिए और प्रयास करने होंगे।
मकर राशि-
आपकी राशि के स्वामी शनिदेव का मार्गी होना स्वयं आपके लिए वरदान की तरह है। रोजगार की दिशा में किये गये सभी प्रयास सार्थक तो रहेंगे ही कोई भी बड़े से बड़ा कार्य आरंभ करना चाहें अथवा किसी नए अनुबंध पर हस्ताक्षर करना चाहें तो उस दृष्टि से भी ग्रह गोचर बेहतरीन सफलता दायक रहेगा। केंद्र अथवा राज्य सरकार के विभागों में प्रतीक्षित कार्यों का निपटारा होगा। चुनाव से संबंधित कोई निर्णय लेना चाह रहे हों तो उसमें भी पूर्ण सफलता के योग।
कुंभ राशि-
राशि से बारहवें व्यय भाव में गोचर करते हुए मार्गी शनि आने वाले समय में उतार चढ़ाव अधिक लाएंगे। भागदौड़ की भी अधिकता रहेगी। अधिक खर्च के कारण आर्थिक तंगी का भी सामना करना पड़ सकता है। मित्रों तथा संबंधियों से भी अप्रिय समाचार प्राप्ति के योग। विदेश यात्रा अथवा विदेशी नागरिकता के लिए किया गया प्रयास सफल रहेगा। स्वास्थ्य के प्रति चिंतनशील रहें। झगड़े विवाद तथा कोर्ट कचहरी से संबंधित मामले भी बाहर ही सुलझाएं।
मीन राशि-
राशि से एकादश लाभ भाव में गोचर करते हुए मार्ग शनि का शुभ प्रभाव आपके लिए किसी वरदान से कम नहीं है। आय के साधन बढ़ेंगे। केंद्र अथवा राज्य सरकार के विभागों में भी किसी भी तरह के सरकारी टेंडर का आवेदन करना चाहें तो उस दृष्टि से भी ग्रह गोचर अनुकूल रहेगा। परिवार के वरिष्ठ सदस्यों तथा बड़े भाइयों से मतभेद न होने दें। संतान के दायित्व की पूर्ति होगी। नव दंपति के लिए संतान प्राप्ति एवं प्रादुर्भाव के भी योग। प्रेम संबंधी मामलों में उदासीनता रहेगी।