मुजफ्फरनगर। दिल्ली-देहरादून-हरिद्वार-ऋषिकेश मार्ग पर संचालित होने वाली बसें रात में जनपद के पुरकाजी, मुजफ्फरनगर एवं खतौली नगरों के अंदर से होकर जाएंगी। क्षेत्रीय प्रबंधक सहारनपुर अनिल कुमार ने मार्गों पर संचालित होने वाले वाहनों को रात में शहरों के अंदर से संचालित करने का आदेश दिया है।
बता दे कि शाम के समय दिल्ली से इन मार्गों पर चलने वाली रोडवेज बसों के चालक बसों को खतौली, मुजफ्फरनगर व पुरकाजी कस्बे के अंदर से लेकर नहीं जाते है। इस कारण इन क्षेत्रों में रहने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बसों के चालक परिचालक यात्रियों को इन क्षेत्रों मं बाईपास पर उतार देते थे। इसके बाद रात में परेशानी का सामना करते हुए यात्री अपने घर अथवा मंजिल तक पहुंचते थे।
उन्हें घर छोड़ने वाले वाहन का चालक भी मनमाना किराया वसूलता था। इसके इतर, रोडवेज विभाग को भी चालक व परिचालक की हठधर्मी के कारण राजस्व की हानि हो रही थी। भाजपा जिला उपाध्यक्ष नितिन मलिक ने इस समस्या को परिवहन मंत्री दया शंकर सिंह के समक्ष रखा गया था। परिवहन मंत्री के आदेश पर नई व्यवस्था लागू कर दी गई है। अब सभी बसें इन क्षेत्रों में अंदर से होकर जाएंगी।