हरियाणा के रोहतक जिले के महम कस्बे में दिल्ली-हिसार रोड पर महम के पास गोरक्षा सेवा दल ने शुक्रवार की रात सिरसा से मेरठ जा रही बोलेरो से 10 क्विंटल मांस बरामद किया है। साथ ही बोलेरो चालक यूपी के मुजफ्फरनगर जिले के गांव सथेड़ी निवासी शहजाद को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस मामला दर्ज कर जांच पड़ताल कर रही है। आशंका है कि गाड़ी में प्रतिबंधित मांस है। फिलहाल डॉक्टरों की टीम ने मांस का सैंपल लिया है। जांच के बाद ही पता लग सकेगा कि मांस किस पशु का है।
पुलिस के मुताबिक महम के अशोक नगर निवासी सतपाल ने दी शिकायत में बताया कि वह गोरक्षा सेवा दल का सदस्य है। शुक्रवार की रात को अपने साथी महम निवासी दीपक, सीसरखास निवासी रमेश, भिवानी के चांग निवासी प्रमोद के साथ हाईवे पर मौजूद थे। तभी सूचना मिली कि सिरसा से सफेद रंग की बोलेरो दिल्ली से होते हुए मेरठ जाएगी। उसके अंदर प्रतिबंधित मांस भरा हुआ है।
थोड़ी देर बाद यूपी नंबर की बोलेरो तेज गति से आई। उन्होंने चालक को गाड़ी रोकने का इशारा किया, लेकिन उसने गाड़ी रोहतक की तरफ भगा दी। उन्होंने पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 112 पर फोन किया। इसके बाद पुलिस की मदद से बोलेरो को शेरे पंजाब ढाबे के पास पकड़ लिया। पुलिस की मौजूदगी में गाड़ी की जांच की तो 10 क्विंटल मांस मिला। पुलिस ने आरोपी को एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने मामले की सूचना पशु पालन विभाग को दी। डॉक्टरों की टीम मौके पर पहुंची और मांस का सैंपल लिया है। अब सैंपल फरीदाबाद लैब में भेजा जाएगा, जहां से दो सप्ताह में रिपोर्ट आएगी। उसके बाद आधिकारिक तौर पर पता लग सकेगा कि मांस किस पशु का है।
पुलिस ने आरोपी बोलेरो चालक को गिरफ्तार कर शनिवार को अदालत में पेश किया, जहां से न्यायिक हिरासत में सुनारिया जेल भेज दिया है। अब फरीदाबाद लैब से रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।