बहादुरगढ़ । बहादुरगढ़ की बराही फाटक पर गाड़ी पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं गई हैं। इसमें नफे सिंह राठी समेत चार लोगों को निशाना बनाया गया। तीन उनके सुरक्षाकर्मी भी साथ ही थे।
हरियाणा के बहादुरगढ़ में इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व विधायक नफे सिंह राठी समेत चार को गोलियां मारी गई। उनकी कार पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं गई। चारों को शहर के ब्रह्मगक्ति संजीवनी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां नफे सिंह राठी समेत दो की मौत हो गई है। गाड़ी की खिड़कियों में भी कई गोलियों के निशान हैं। अंधाधुंध फायरिंग के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। मामले में गृहमंत्री ने एसआईटी जांच के आदेश दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक, हमला पूरी प्लानिंग के तहत किया हुआ प्रतीत हो रहा है। तीन सुरक्षा कर्मियों को भी कई गोलियां लगी हैं। बराही फाटक के पास की घटना है। हमलावर आई-10 गाड़ी में सवार होकर आए थे।
नफे सिंह राठी के साथ मांडोठी गांव के जयकिशन की भी मौत हो गई। वहीं उनके गनमैन और ड्राइवर की हालत गंभीर बताई जा रही है।
नफे सिंह राठी को गोलियां लगने की सूचना जैसे-जैसे क्षेत्र में फैली लोग अस्पताल के बाहर जुटना शुरू हो गए हैं। अस्पताल के बाहर सैकड़ों लोग पहुंच चुके हैं। नफे सिंह राठी समेत दो की मौत हो गई है।
इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने कहा कि इंडियन नेशनल लोकदल पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व विधायक नफे सिंह जी हमारे बीच नहीं रहें। उन पर हुए कायराना हमले से पूरा इनेलो परिवार स्तब्ध है, नफे सिंह हमारी पार्टी ही नहीं हमारे परिवार का हिस्सा थे वो मेरे भाई समान थे। नफे सिंह ने हाल ही में सीएम, गृहमंत्री, डीजीपी और कमिश्नर को खुद पर होने वाले हमले की आशंका जताते हुए सुरक्षा की मांग की थी। उस समय तो सरकार ने राजनीति की और सुरक्षा नहीं दी। क्या सरकार इस में बराबर दोषी नहीं है?
हरियाणा इनेलो प्रमुख नफे सिंह राठी की गोली मारकर हत्या पर हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज का कहना है, “…मैंने अधिकारियों से इस मामले में तुरंत कार्रवाई करने को कहा है। एसटीएफ भी हरकत में आ गई है…घटना की जांच की जा रही है।
हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में इनेलो प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी की गोली मार कर हत्या करने का समाचार बेहद दुःखद है। यह प्रदेश की कानून व्यवस्था को दर्शाता है। इस घटना ने स्पष्ट कर दिया कि कानून व्यवस्था का दिवाला पिट चुका है। प्रदेश में आज कोई भी अपने आपको सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रहा है। दिवंगत आत्मा को मेरी श्रद्धांजलि व परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं। ईश्वर से प्रार्थना है कि परिवारजनों को यह कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें। हमले में घायल हुए सुरक्षाकर्मियों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।
कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सूरजेवाला ने कहा कि बहादुरगढ़ में इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व विधायक नफे सिंह राठी पर दिनदहाड़े ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर हत्या की खबर से मैं स्तब्ध हूं। हरियाणा में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। ये खट्टर-दुष्यंत सरकार का भयावह चेहरा है। लगातार हो रहे अपराध भाजपा जजपा के खोखले दावों की पोल खोल रहे हैं। दिवंगत आत्मा को मेरी श्रद्धांजलि तथा घायल हुए सुरक्षाकर्मियों की शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।