मुजफ्फरनगर। जानसठ थानाक्षेत्र के एक गांव में छेड़खानी से तंग आकर किशोरी ने आरोपित युवक के घर जाकर जहरीला पदार्थ खा लिया। स्वजन ने गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपित को हिरासत में ले लिया।
किशोरी की बड़ी बहन ने थाने में दर्ज कराए मुकदमे में बताया है कि उसकी बहन कक्षा 12 की छात्रा है। स्कूल आते जाते समय ही गांव का आटो मैकेनिक मनीष उसके साथ छेड़खानी करता था। इसकी शिकायत किशोरी ने स्वजन से की थी। किशोरी के स्वजन ने आरोपित को उसके घर जाकर समझाया था। बावजूद इसके वह बाज नहीं आया और किशोरी से छेड़छाड़ करता रहा।
बुधवार को आरोपित ने किशोरी के साथ फिर से छेड़खानी की। किशोरी ने घर जाकर स्वजन को बताया तो उन्होंने बेबसी दिखाई। इसके बाद किशोरी ने आरोपित के घर जाकर जहरीला पदार्थ खा लिया। यह देखकर आरोपित और उसके स्वजन घर से भाग गए। इसकी जानकारी मिलते ही किशोरी के स्वजन आरोपित के घर पहुंचे और पुलिस को सूचित कर दिया। पुलिस ने किशोरी को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने आरोपित मनीष को हिरासत में ले रखा है। पुलिस के मुताबिक दोनों पक्ष एक ही बिरादरी के है। किशोरी की हालत में सुधार है।