मुजफ्फरनगर। ससुरालियों पर दहेज के नाम पर मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए एक महिला ने तहरीर दी। पीड़िता की शिकायत पर महिला थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी 28 फरवरी 2020 को मेरठ निवासी वेदांत शर्मा, सरस्वती लोक थाना ब्रह्मपुरी के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी में उसके पिता ने करीब 25 लाख रुपये खर्च किए थे। बावजूद इसके ससुराल वाले उसे अतिरिक्त दहेज के लिए परेशान करने लगे। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि वेदांत पहले से ही शादीशुदा था।
उसने बताया कि जब वह गर्भवती हुई तो आरोपियों ने अल्ट्रासाउंड कराया और पता लगाया कि उसे एक बेटी पैदा होने वाली है। जिसके बाद वह उसका गर्भपात कराने के लिए मारपीट करने लगे। जिस पर पीड़िता अपने मायके आ गई और उसने एक बच्ची को जन्म दिया। जिसे वह लगातार आश्रम में छोड़ने की बात कही। पीड़िता ने अपने पति वेदांत शर्मा, ससुर महेश चंद शर्मा, सास माधुरी शर्मा, ननद छवि और चांदनी शर्मा पर आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की।