मुजफ्फरनगर में एक विवाहिता ने शौचालय में रखा तेजाब पीकर सुसाइड कर लिया। मृतका के पिता ने उसके पति और ससुराल वालों पर आरोप लगाया कि वे उसे काली होने का ताना मारते थे। जिससे क्षुब्ध होकर महिला ने तेजाब पी लिया था। पुलिस ने दहेज उत्पीड़न ओर आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में पति सहित 3 लोगों पर मुकदमा दर्ज जांच शुरू कर दी।
शहर कोतवाली क्षेत्र के खालापार मक्की नगर निवासी मोहम्मद गुलजार ने बताया, “हमारी बेटी तबस्सुम की शादी 11 साल पहले थाना मंसूरपुर क्षेत्र के नावला के रहने वाले मोहम् हारून पुत्र इस्लाम से हुई थी। शादी के बाद से बेटी तबस्सुम को उसके ससुराल वाले काली होने का ताना देते थे। साथ ही कहते थे कि वे हारून का दूसरा निकाह किसी अन्य लड़की से कराएंगे।
8 अक्टूबर को ससुराल वालों ने तबस्सुम को काली होने का ताना मारा। जिसके बारे में बेटी ने हमे बताया था। ताना मारने पर 8 अक्टूबर को हमारी बेटी तबस्सुम ने अपने ससुराल में शौचालय में रखा तेजाब पी लिया। गंभीर हालत में वे लोग उसे मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज में उपचार के लिए लेकर पहुंचे थे। जहां दो दिन उपचार के बाद 10 अक्टूबर की रात को तबस्सुम ने दम तोड़ दिया।”
मोहम्मद गुलजार की तहरीर पर थाना मंसूरपुर पुलिस ने तबस्सुम की सुसाइड के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया। गुलजार के अनुसार तबस्सुम को आत्महत्या के लिए उकसाने तथा दहेज उत्पीड़न के आरोप में तबस्सुम के पति मो. हारून उसकी सास खैरुन्निसा और एक अन्य के विरुद्ध पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।