मुजफ्फरनगर। वित्तीय अधिकार बहाल होने के बाद चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल ने पालिका के 841 कर्मचारियों को 40 लाख का महंगाई भत्ता जारी करने का आदेश दिया। जिससे कर्मचारियों के बीच खुशी का माहौल है।
वित्तीय अधिकार बहाली के बाद पहली बार पालिका में पहुंची चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल का स्वायत्त शासन कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष गोपाल त्यागी और महामंत्री तनवीर आलम के साथ ही सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अरविंद उर्फ सोनू मचल के नेतृत्व में पालिका कर्मियों ने स्वागत किया। टाउनहाल के गेट से ही उन पर फूलों की बारिश करते हुए ढोल नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ प्रवेश कराया गया। इस दौरान नारेबाजी करते हुए कर्मचारी उनको लेकर कार्यालय में पहुंचे। स्वायत्त शासन कर्मचारी संघ एवं सफाई कर्मचारी यूनियन संघ द्वारा संयुक्त रूप से पालिका सभागार में एक सभा का आयोजन किया। चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल ने कहा कि ईश्वर की अनुकंपा से उनको हाईकोर्ट ने बेदाग साबित किया है।
उन्होंने कहा कि वह अपने कार्यकाल में भ्रष्टाचार के खिलाफ रही हैं, लेकिन कुछ लोगों ने उनको कामकाज करने से रोकने के लिए साजिश रची। उनका जो भी कार्यकाल शेष बचा है, वह ईमानदारी से उसको पूरा करेंगी। उन्होंने अपने पहले आदेश में कर्मचारियों के एरियर भुगतान के रूप में 40 लाख रुपये स्वीकृत किए। इसका पालिका के 841 कर्मचारियों को लाभ मिलेगा।
लागू होगा बोर्ड का आदेश
नगरपालिका मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष शिशुकांत गर्ग, भानु प्रताप अरोरा आदि व्यापारियों को उन्होंने भरोसा दिलाया कि बोर्ड ने जो प्रस्ताव उनके किराया व प्रीमियम का लेकर पारित किया है, वह लागू होगा। पालिका पहुंचने पर चेयरपर्सन का स्वागत करने के लिए त्यागी सभा के अध्यक्ष हरिओम त्यागी, सभासद अरविंद धनगर, सभासद के पति नौशाद कुरैशी, भाजपा नेता जगदीश पांचाल भी पहुंचे। कार्यक्रम में पालिका के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे, लेकिन ईओ हेमराज सिंह नजर नहीं आए।
63 लाख की पोर्कलेन मशीन का उद्घाटन
चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल पालिका से गहरा बाग पहुंचीं और यहां पर पालिका द्वारा 63 लाख रुपये के बजट से खरीदी गई पोर्कलेन मशीन का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि किदवईनगर कूड़ा प्रबंधन प्लांट पर कूड़े का निस्तारण करने के लिए पालिका ने डेढ़ साल पोर्कलेन मशीन किराये पर लेकर काम कराया, इसके लिए प्रतिमाह दो लाख रुपये का किराया अदा करना पड़ रहा था, यह पैसा भी अब बचेगा और विकास पर खर्च किया जाएगा।