मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में पहुंचे सपा के राष्ट्रीय सचिव शिवपाल यादव ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि गठबंधन के पास प्रधानमंत्री पद के लिए कई चेहरे हैं।
मुजफ्फरनगर जनपद पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने कहा कि गठबंधन के पास प्रधानमंत्री पद के लिए कई चेहरे हैं। समय आने पर सीटों पर भी तालमेल हो जाएगा। भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए इंडिया गठबंधन बनाया गया है।
सहारनपुर जाते समय शहर के रामपुर में सपा के प्रदेश सचिव चौधरी इलम सिंह गुर्जर के आवास पर पूर्व मंत्री शिवपाल यादव ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान संगठन की मजबूती पर बल दिया। कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वह तैयारी में जुट जाएं।
उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए यह गठबंधन बना है। गठबंधन में बसपा को मिलाने के सवाल पर कहा कि पहले बसपा नेता भाजपा से तो दूरी बना लें। यह हम पहले कई बार कह चुके हैं।