सहारनपुर। वाहन की टक्कर से बुधवार सुबह दो लोग घायल हो गए। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई। दूसरे की हालत भी गंभीर है।
दुर्घटना गंगोह-तीतरों मार्ग पर गंगोह बाईपास तिराहे के पास हुई। क्षेत्र के गांव फतेहपुर में ब्याही डागोवाली शामली निवासी भागमल की पुत्री ममता मंगलवार को एक ट्रैक्टर की चपेट में आकर घायल हो गई थी। उसे सहारनपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार को पिता भागमल भी पुत्री को देखने के लिए सहारनपुर पहुंच गए थे। बताया गया कि आधी रात के करीब भागमल फतेहपुर ढोला निवासी रिश्तेदार पिंटू(30) पुत्र राजपाल के साथ बाइक पर लौट रहे थे। जब वह गांव के निकट पहुंचे तो अज्ञात वाहन से उनकी टक्कर हो गई, जिसमें दोनों बुरी तरह घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी भिजवाया। वहां से गंभीर अवस्था में उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार अस्पताल में जांच के बाद पिंटू को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि भागमल की हालत भी गंभीर है। उधर, भागमल की पुत्री ममता की हालत भी गंभीर बनी है। पिंटू की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा है।