मेरठ। सरधना से भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम ने मैनपुरी में महाराणा प्रताप की प्रतिमा को अपमानित करने के मामले में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। पूर्व विधायक ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी करते हुए कहा कि सपा प्रमुख ने कार्यकर्ताओं के साथ पाकिस्तान को खुश करने के लिए महाराणा प्रताप की मूर्ति को अपमानित किया है।
सरधना से भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम वीडियो में कहते दिख रहे हैं कि सपा कार्यकर्ताओं के कृत्य के कारण पूरे देश में आक्रोश फैला हुआ है। आने वाले चुनाव में जनता वीर योद्धा महाराणा प्रताप को अपमानित करने वालों से बदला लेगी। संगीत सोम ने प्रतिमा को अपमानित करने वालों को मुगल साम्राज्य के बाबर और अकबर की औलाद बताया।
शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मैनपुरी में पत्नी और सपा प्रत्याशी डिंपल यादव के समर्थन में रोड शो किया था। आरोप है कि रोड शो के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनादर किया।