सहारनपुर. बड़गांव थाना क्षेत्र के गांव अंबेहटा चांद में हुई किसान की हत्या का पुलिस ने राजफाश कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में शामली जिले के थानाभवन क्षेत्र के एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पत्नी के अवैध संबंध किसान से थे, जिससे वह उससे रंजिश रखने लगा था।
पुलिस लाइन के सभागार में प्रेसवार्ता के दौरान एसपी देहात सूरज राय ने बताया कि किसान मुनेश की हत्या के मामले में शामली जिले के थानाभवन थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी संजय को हत्या के एक दिन बाद ही गिरफ्तार किया है। सख्ती से पूछताछ हुई तो उसने बताया कि उसकी शादी अंबेहटा चांद निवासी महिला के साथ हुई थी। महिला कुछ दिन अपनी ससुराल में रही। बाद में वह अपने पति संजय को लेकर मायके में आ गई और अपने पिता के साथ रहने लगी।
बताते हैं कि किसान मुनेश का महिला के घर आना जाना था। जिस कारण किसान के महिला से संबंध बन गए। यह पता संजय को चला तो उसने काफी मना किया, लेकिन दोनों नहीं मान रहे थे। संजय ने बताया कि 22 जुलाई की रात उसने देखा कि किसान मुनेश अपने घेर में अकेला सोया हुआ है। तभी वह फावड़ा लेकर पहुंचा और सोते हुए किसान पर फावड़े से कई वार कर दिए। जिससे उसकी मौत हो गई। उधर, पूछताछ में आरोपित ने कबूल भी कर लिया कि उसने ही किसान को फावड़े से काटा है। पुलिस ने हत्यारोपित को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
23 जुलाई की सुबह अंबेहटा चांद निवासी किसान मुनेश का शव उसके घेर में पड़ा मिला था। मुनेश का शव खून से लथपथ था। मुनेश की हत्या के मामले में उसके भाई सुभाष की तरफ से हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया था। घटना का पता चलने पर खुद एसएसपी विपिन ताडा भी मौके पर पहुंचे थे। जांच में संजय का नाम सामने आया।
पुलिस को शक है कि अकेला संजय हत्या को अंजाम नहीं दे सकता है। इसलिए पुलिस पता कर रही है कि आखिर दूसरा व्यक्ति कौन था। मृतक के परिजनों का भी कहना है कि अकेले संजय ने हत्या नहीं की है। कोई और भी शामिल है।