बिजनौर। नांगल क्षेत्र के कोल्हुओं पर गन्ने का दाम 400 रुपये प्रति क्विंटल के पार पहुंच गया है। महंगे दाम पर भी पर्याप्त गन्ना नहीं मिलने पर कई कोल्हू बंद होने की कगार पर हैं। नांगल क्षेत्र में प्रतिवर्ष 50 से अधिक कोल्हुओं का संचालन होता है। वर्ष 2023-24 के पेराई सत्र में नांगल क्षेत्र में कोल्हुओं का संचालन करना संचालकों के लिए चुनौती बना है।
कोल्हू संचालकों द्वारा कोल्हुओं पर 400, 410, और 420 रुपये प्रति क्विंटल गन्ना खरीदा जा रहा है, जबकि चीनी मिल किसानों को 350 रुपये प्रति क्विंटल गन्ना मूल्य भुगतान कर रही है। दाम बढ़ाने के बाद कोल्हुओं पर गन्ने की आवक बढ़ी है, लेकिन फिर भी कोल्हुओं को पर्याप्त गन्ना नहीं मिल पा रहा है। जिस कारण क्षेत्र का एक कोल्हू बंद हो चुका है और अन्य कोल्हू भी गन्ना पेराई भी प्रभावित हुई है।
कोल्हू संचालक अनमोल, नितिन, ओमवीर, सत्यपाल का कहना है कि बाढ़ और लाल सड़न रोग के चलते किसानों के खेतों में गन्ना उत्पादन कम हुआ है। किसान अपना बेसिक कोटा बनाए रखने के लिए चीनी मिल को ही गन्ना आपूर्ति कर रहे हैं। जिस कारण कोल्हुओं का संचालन करना भी संचालकों के लिए चुनौती बना है।