मुजफ्फरनगर. मुजफ्फरनगर में संचालित बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष बीना शर्मा ने पद से इस्तीफा दे दिया है। डीएम को संदर्भित करते हुए दिये गए उनके इस्तीफे को हांलाकि अभी स्वीकार नहीं किया गया है। जिले की राबिनहुड के नाम से मशहूर बीना शर्मा परिवार से बिछुड़ी कई महिलाओं और बच्चों को मिलवा चुकी हैं।
वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेन्द्र शर्मा की पत्नी तथा प्रतिष्ठित समाजसेवी बीना शर्मा का नाम जिले की गिनी चुनी शख्सियतों में शुमार किया जाता है। बीना शर्मा समाज सेवा करते हुए कई बिछुड़ी महिलाओं को उनके परिवार से मिलवा चुकी हैं। पारिवारिक विवाद को सुलझाने में भी बीना शर्मा काफी सक्रिय रहती हैं। मीडियेशन के माध्यम से उन्होंने कई परिवारों को टूटने से बचाया है। शासन की और से उनकी नियुक्ति बाल कल्याण समिति अध्यक्ष के तौर पर की गई थी। बीना शर्मा ने बाल कल्याण समिति अध्यक्ष पद से यह कहते हुए डीएम के नाम अपना त्यागपत्र भेजा है कि स्वास्थ्य कारणों के चलते वह समिति के कार्यों को अधिक समय नहीं दे पा रही। बताया कि उनके पैरों में अक्सर दर्द रहता है। त्यागपत्र की पुष्टि करते हुए उन्होंने कहा कि वह त्याग पत्र दे चुकी हैं, लेकिन शायद अभी उसे स्वीकार नहीं किया गया है।
बीना शर्मा ने त्याग पत्र देने की वजह भले ही अपने गिरते स्वास्थ्य को बताया। लेकिन इसके कुछ अन्य कारण जरूर हैं। कुछ दिन पहले बाल कल्याण समिति सदस्यों पर किसी मामले को लेकर रिश्वत मांगे जाने के आरोप लगे थे। इसकी एक आडियो भी वायरल होना बताया गया था। इस मामले को लेकर सीडब्लूसी अध्यक्ष बीना शर्मा ने समिति सदस्यों पर कड़ा रुख अपनाया था। लेकिन बाद में उन्हें बैकफुट पर आना पड़ा। इन सब बातों को लेकर बीना शर्मा काफी खफा थी। माना जा रहा है कि सीडब्लूसी अध्यक्ष पद से इस्तीफे के पीछे यही मुख्य कारण है।