अमरोहा। मंडी धनौरा से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। प्रभारी निरीक्षक रविंद्र प्रताप ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात जनपद बिजनौर के एक गांव की युवती अपने जीजा के साथ थाने आई। कहा कि उसका प्रेमी की नगर के एक बैंक्वेट हॉल में शादी हो रही है।
बताया कि उसने उसके साथ शादी भी की हुई है। पुलिस ने इस संबंध में युवती से शादी किए जाने के प्रमाण मांगे तो वह दिखाने में नाकाम रही। युवती के जोर देने पर पुलिस को उसके साथ मंडप भेज दिया गया। जैसे ही प्रेमिका पुलिस संग वहां पहुंची तभी उसे देखकर दूल्हा बना प्रेमी मौके से भाग गया।
प्रेमिका ने वहां हंगामा करना शुरू कर दिया। दुल्हन व बरातियों में हलचल मच गई। दुल्हन पक्ष के लोग आपस में चर्चा करने लगे। हंगामा बढ़ने पर पुलिस प्रेमिका को अपने साथ थाने ले आई। मंडप से दूल्हे के भाग जाने व पुलिस के समझाने पर प्रेमिका अपने जीजा के साथ वापस बिजनौर चली गई।
प्रेमिका के वापस चले जाने के बाद प्रेमी फिर से मंडप पहुंच गया। बाद में दूल्हा और दुल्हन पक्ष के परिजनों में वार्ता हुई। जिस पर दुल्हन पक्ष के लोग मान गए। तब जाकर तड़के में विवाह की रस्में पूरी हुईं। दूल्हा- दुल्हन को साथ लेकर विदा हो गया। जिसके बाद परिजनों ने राहत की सांस ली।