इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर के एक प्राइवेट बीएम कॉलेज के पूर्व छात्र ने 54 वर्षीय महिला प्राचार्य पर कथित तौर पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिसके बाद उनकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही सिमरोल पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना पर मौजूद स्टूडेंट्स ने कहा, ‘हमें लगा कि किसी ने कूड़े में आग लगा दी है जो शायद बढ़ गई है। हम लोग कालेज बिल्डिंग से बाहर निकलकर आए तो देखा एक महिला भागते हुए फार्मेसी डिपार्टमेंट की तरफ आ रही थी, उसके बदन को आग की लपटों ने घेर रखा था। वह चिल्ला रही थी, बचाओ-बचाओ-आग-आग। हमें लगा कि किसी पागल ने खुद को आग लगा ली है।
बताया जा रहा है कि पूर्व छात्र और कॉलेज की प्राचार्य का पूर्व में भी कोई विवाद हुआ था। हालांकि पुलिस ने इस बारे में कुछ भी स्पष्ट कहने से अभी इंकार किया है। उनका कहना है कि हम जांच कर रहे हैं।
पूरी घटना के बारे में इलेक्ट्रीशियन सुनील खेर और माली राजेश ठाकुर ने यह बताया। उल्लेखनीय है कि अपने खिलाफ दर्ज एक केस से आक्रोशित बीएम कालेज के पूर्व छात्र आशुतोष श्रीवास्तव ने सोमवार को प्राचार्य विमुक्ता शर्मा पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी थी। जिसके बाद उसने आत्महत्या की कोशिश की थी, लेकिन वनकर्मी ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। हादसे में प्राचार्य 90 प्रतिशत झुलस गई हैं। चोइथराम अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है। डाक्टरों के मुताबिक प्राचार्य की स्थिति अत्यंत गंभीर है।