बिजनौर। बिजनौर से हैरान करने वाली खबर सामने आई है। नूरपुर के गांव गोहावर जैत में दसवीं की छात्रा ने अपनी सौतेली दो बहनों का गला दबाकर हत्या कर दी। आरोपी नाबालिग छात्रा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मृत बालिकाओं की उम्र सात साल और पांच साल है। बड़ी बहन ने इस वारदात को उस समय अंजाम दिया जब दोनों साथ में सो रही थीं।

दो बहनों की हत्या करने वाली आरोपी किशोरी को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। भले ही किशोरी को हत्या करते समय अच्छे, बुरे का विचार नहीं आया। मगर, बाल सुधार गृह जाते समय किशोरी को पश्चाताप हुआ। किशोरी बोली, अब पापा मुझे प्यार नहीं करेंगे। मैंने उनका भरोसा तोड़ दिया। इतना ही नहीं शनिवार को बाल सुधार गृह से किशोरी ने फोन कर पिता से मिलने की भी इच्छा जताई।

नूरपुर क्षेत्र के गांव गोहावर जैत में दो छोटी सौतेली बहनों की हत्या की खबर सुनने के बाद हर कोई हैरान था। ख्याल रखने वाली बहन ही हत्या कर देगी। घटना को अंजाम देने के बाद किशोरी ने कबूल भी किया। इसके बाद किशोरी को बाल सुधार गृह भेज दिया गया।

दिनभर सहदेव के घर रिश्तेदारों का आना-जाना लगा रहा। हर कोई बस घटना के बारे में ही बात कर रहा था कि किशोरी ने इतना बड़ा कदम आखिर क्यों उठाया। शनिवार को आरोपी किशोरी ने बाल सुधार गृह से अपने पिता को फोन किया।

परिजनों के मुताबिक उसने अपने पिता और बड़े तहेरे भाई से करीब पांच मिनट बात की। सहदेव ने उससे पूछा कि तूने ऐसे क्यों किया। परिवार की बदनामी हो रही है। पुलिस भी घर आई। मगर, फोन पर वह सिर्फ सिसकती रही। उसने कोई जवाब नहीं दिया। बल्कि उसने पिता सहदेव सिंह से कहा कि मुझसे एक बार मिलने आ जाओ। चाहे फिर कभी मिलने मत आना। फोन पर कपड़े लाने की बात भी कही।

वहीं, नूरपुर कोतवाल अमित कुमार ने बताया कि शुक्रवार को बाल सुधार गृह ले जाते समय किशोरी को पश्चाताप हुआ। उसने कहा कि मैंने उनका भरोसा तोड़ा है, अब पापा मुझे प्यार नहीं करेंगे।

आपको बता दें कि बिजनौर जनपद के नूरपुर थाना इलाके के गांव गोहावर में दसवीं की छात्रा ने गुरुवार रात साथ सो रहीं दो सौतेली मासूम बहनों की दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी। गोहावर निवासी मजदूर गुरुवार शाम ईंट भट्टे पर मजदूरी करने चला गया। घर पर उसकी पत्नी अपनी पांच बेटियों और डेढ़ साल के बेटे संग एक ही कमरे में सोई थी। रात में करीब सवा दस बजे उसकी बड़ी बेटी ने पास में सो रही छोटी बहन रितु उर्फ रिया (7) की दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद पवित्रा (5) का भी गला घोंटकर मार डाला।

पूलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी किशोरी के सौतेले पिता शाम को काम पर चले गए थे। उसके कुछ देर तक उसने फोन देखा। रात में करीब सवा दस बजे पास में ही उसकी बहन पवित्रा और रिया सोई हुई थी। तभी आरोपी किशोरी ने दुपट्टे से पहले रिया और फिर पवित्रा का गला घोंट दिया। इस वारदात ने दोनों मासूम उठ भी नहीं सकी और दम घुट गया। हालांकि पास में ही इनकी मां भी सोई हुई थी, जिसकी भी आंख नहीं खुली।

दोनों सौतेली बहन की हत्या करने के बाद आरोपी किशोरी घर से बाहर निकली और शोर मचा दिया। रात में ही एसपी नीरज कुमार जादौन, एएसपी सिटी संजीव वाजपेयी, एएसपी देहात राम अर्ज मौके पर पहुंच गए और मामले में पूछताछ की। शुरुआत में आरोपी किशोरी ने दो युवकों के घर में घुसकर हत्या करने की बात कही।

विद्या की कसम, पापा की कसम…मैने ही दोनों बहनों को मारा है। यह अल्फाज आरोपी किशोरी के पुलिस की पूछताछ के वक्त रहे। दरअसल, पुलिस को भी यह विश्वास नहीं हो रहा था कि आखिर इस उम्र में कोई लड़की अपनी छोटी बहनों को कैसे मार सकती है। वारदात का पूरा वाकया एक एककर आरोपी किशोरी ने पुलिस को सुना दिया।

बताया गया कि 11 साल पहले किशोरी की मां ने दूसरी शादी कर ली थी, उस वक्त आरोपी महज तीन साल की थी। अब दूसरे पिता से पांच बच्चे हुए। इसी बीच किशोरी को लगता था कि उसके सौतेले पिता अपने बच्चों से ज्यादा प्यार करते हैं। इसके साथ ही मां अक्सर बीमार रहती थी, ऐसे में काम के बोझ और छोटे बच्चों की देखभाल में बड़ी बेटी यानि आरोपी किशोरी लगी रहती थी। माना जा रहा है कि किशोरी ने इसी से परेशान होकर यह खौफनाक कदम उठा लिया।