अबोहर। शहर की जम्मू बस्ती में शनिवार को शादी का मंडप उस समय जंग के मैदान में बदल गया, जब दुल्हन की विदाई से पहले दूल्हा पक्ष के लोगों ने दहेज में कार व सोने की चेन की मांग शुरू कर दी। इसके बाद दूल्हा व दुल्हन पक्ष के लोगों में जमकर मारपीट हुई व ईंट-पत्थर भी चले और एक दूसरे पर कुर्सियां भी फेंकी गई। विवाद में दुल्हन का भाई व दादी घायल हुए हैं। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद बारात बैरंग ही लौट गई।
जानकारी के अनुसार, जम्मू बस्ती में रहने वाले रमेश कुमार की बेटी की शादी फाजिल्का में राहुल नामक युवक से होनी तय हुई थी। लड़की वालों ने इसके लिए सभी प्रबंध किए व धूमधाम से बारात भी पहुंची। शनिवार दोपहर को बारात पहुंची व शाम को डोली की विदाई की तैयारी की जा रही थी।
बारात की खूब आवोभगत भी की गई। बाराती डीजे पर नाच रहे थे और दूल्हा व दुल्हन के फेरे भी हो गए, लेकिन जब डोली जाने का समय हुआ तो एकाएक बारात का मंडप जंग में मैदान में तब्दील हो गया और दोनों तरफ से ईंट-पत्थर व कुर्सियां चलने लगी।
दोनों पक्षों में हुए विवाद में दूल्हा-दुल्हन के अरमान धरे रहे गए और बारात को बैरंग लौटना पड़ा। उधर, नगर थाना प्रभारी परमजीत कंबोज ने कहा कि उनके पास शिकायत आई है व मामले की जांच की जा रही है, जो भी दोषी पाया गया उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
लड़की के भाई नसीब का आरोप है कि लड़के वालों ने डोली ले जाने से पहले दहेज में कार व सोने की चेन की मांग की, लेकिन वह गरीब होने के कारण यह सब देने में असमर्थ थे। इससे पहले इस तरह की कोई बात भी नहीं हुई थी। उन्होंने इसके लिए लड़के पक्ष के लोगों की मिन्नतें भी की, लेकिन वह अपनी बात पर अड़े रहे। इस कारण दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया। इस दौरान लड़के वालों ने जमकर उत्पात मचाया और उसे व उसकी दादी लक्ष्मी को तेजधार हथियार से हमला कर घायल कर दिया, जिन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।