मुजफ्फरनगर। थाना सिविल लाइन क्षेेत्र में रहने वाले एक सराफ ने रविवार को विषाक्त पदार्थ खा लिया। परिजन उसे उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां उसकी मौत हो गई। सिविल लाइन थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, मामला साढे़ पांच सौ ग्राम सोने के लेनदेन से जुड़ा है। मृतक की पत्नी ने कुछ लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
थाना सिविल लाइन के मोहल्ला साकेत में रहने वाले अर्जुन सराफ थे। उनकी दुकान कटरा मोचियान में थी। रविवार को दोपहर में अर्जुन ने घर पर ही विषाक्त पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर पत्नी और परिजनों ने उन्हें भोपा रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान सराफ की मौत हो गई। इसके बाद सराफ की पत्नी मंजू ने थाना सिविल लाइन पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थाना प्रभारी ब्रिजेश शर्मा ने बताया कि अर्जुन की पत्नी मंजू का कहना है कि वह अपने पति के साथ शनिवार की शाम को दुकान पर थी। आरोप है कि इसी दौरान रोडवेज बस अड्डे के सामने गली में रहने वाला विशाल अपने कई साथियों के साथ दुकान पर आया और जेवर देने के लिए दबाव बनाने लगा। उनके पति ने विशाल के जेवर होने से इंकार कर दिया था। इसके बाद नाराज होकर विशाल आदि चले गए थे। इससे उसके पति तनाव में आ गए थे। इसी के चलते उनके पति ने विषाक्त खा लिया। मंजू ने विशाल आदि के खिलाफ तहरीर भी दी है।
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम तौर पर जांच पड़ताल में जानकारी मिली कि विशाल के साढे़ पांच सौ ग्राम सोने के जेवर अर्जुन के पास बताए जा रहे है। दोनों में इसी का विवाद था। फिलहाल शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।