मुंबई अपराध शाखा तकनीकी और मानव खुफिया इनपुट का उपयोग करके पुलिस ने जांच शुरू की। इस दौरान युवक के एक और महिला के साथ ठगी करने का मामले सामने आया।
ठाणे के रहने वाले एक युवक ने मैट्रीमोनियल साइट पर बनाई प्रोफाइल
प्रोफाइल में नासा और इसरो का बताता था वैज्ञानिक
30 से ज्यादा उम्र की लड़कियों से करता था संपर्क
शादी के लिए बात करता और फंसाकर लड़कियों से ठगता रुपये
महाराष्ट्र में ठाणे पुलिस की अपराध शाखा ने एक 29 वर्षीय विवाहित व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। इस शख्स ने खुद को इसरो और नासा का वैज्ञानिक बताते हुए मैट्रीमोनियल साइट्स पर एक नकली प्रोफ़ाइल बनाई और कथित तौर पर शादी के बहाने 14 महिलाओं के साथ धोखाधड़ी करके 1 करोड़ रुपये ठग लिए।
अतिरिक्त आयुक्त (अपराध) अशोक मोराले ने बताया कि आरोपित आदित्य उर्फ नवुष उर्फ तन्मय म्हात्रे ने मुंबई, ठाणे, कल्याण, रायगढ़, नवी मुंबई की महिलाओं को ठगा है।
पुलिस ने कहा कि एक महिला ने अपनी प्रोफाइल पोस्ट की थी और आरोपी ने मैट्रिमोनियल साइट के जरिए उससे संपर्क किया। युवक ने उससे दोस्ती की लेकिन उससे कहा कि उसे पैसे की जरूरत है। उसने युवती से उधार के तौर पर 14.3 लाख रुपये लिए। फिर उसने 25 लाख रुपये मांगे। बाद में महिला ने कल्याण के खड़कपाड़ा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।
अपराध शाखा तकनीकी और मानव खुफिया इनपुट का उपयोग करके पुलिस ने जांच शुरू की। इस दौरान युवक के एक और महिला के साथ ठगी करने का मामले सामने आया। वह एक युवती से मिलने नवी मुंबई जा रहा था, पुलिस ने तभी उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने कहा कि पूछताछ के दौरान, उन्होंने पाया कि युवक ने महाराष्ट्र ही नहीं, बाहर के राज्यों में भी युवतियों के साथ इसी तरह से धोखाधड़ी की है। मोराले ने कहा, ‘आरोपी शादीशुदा है और उसका एक बच्चा भी है। वह बेरोजगार है इसलिए उसने जल्दी पैसा कमाने के लिए यह तरीका अपनाया।
पुलिस ने बताया कि युवक ज्यादातर 30 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को निशाना बनाता था, क्योंकि इस उम्र में लड़कियों को जल्दी शादी करनी होती है। वह प्रोफ़ाइल को ध्यान से देखता था। उसके बाद युवतियों से संपर्क करके उन्हें ठगता था। वह बातचीत के दौरान खुद को बहुत ही सभ्य और सुशिक्षित दिखाता था। महिलाएं उसकी बातों में फंस जाती थीं। वह अपने कारोबार या किसी बड़े प्रॉजेक्ट पर काम करने के बहाने रुपये ऐंठ लेता था।