मुज़फ्फरनगर। रविवार को ओम पैराडाइज कॉलोनी की महिलाएं जानसठ मार्ग पर पहुंची और जाम लगा दिया। पुलिस मौके पर पहुंची और जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन महिलाओं के विरोध के चलते पुलिस को वापस लौटना पड़ा। महिलाओं का कहना था कि कॉलोनी से जलनिकासी की व्यवस्था नहीं है। मुख्य मार्ग पर जलभराव है और बीमारियां फैल रही हैं। पालिका, एमडीए और प्रशासन का रवैया बेहद निराशाजनक है। समस्या का समाधान निकालने के लिए सार्थक प्रयास नहीं किए गए हैं।
कौशल विकास राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल और पूर्व पालिकाध्यक्ष डॉ. सुभाष चंद शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने कॉलोनी के लोगों का पक्ष जाना और समाधान का भरोसा दिया। इस मौके पर डॉ. संगीता चौधरी, सविता अग्रवाल, शैफाली मित्तल, दीपाली गुप्ता, सविता अग्रवाल, ईशा कुच्छल, प्रभा तायल, पूनम पुंडीर शामिल रहीं। उधर, जाम के दौरान वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस को रूट डायवर्जन कर वाहन निकालने पड़े।
धरना समाप्त होने के बाद केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान भी कॉलोनी में पहुंचे और लोगों से जानकारी जुटाई। उन्होंने कहा कि जल्द ही समस्या का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। कॉलोनी के लोगों को समस्या नहीं होने दी जाएगी।