मुजफ्फरनगर. विधान परिषद सदस्य के चुनाव के लिए मतदान के दौरान वोट डालने गए बीडीसी सदस्य को गांव के ही एक युवक ने दोबारा वोट डालने का आरोप लगाते हुए थप्पड़ मार दिया। रालोद विधायक राजपाल बालियान के साथ पहुंचे सपा व रालोद कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। सीओ के समझाने पर कार्यकर्ता शांत हुए। मतदान केंद के बाहर दिन में कई बार भाजपा और गठबंधन के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई। मामले की वीडियो भी वायरल हुई है।
बुढ़ाना व शाहपुर ब्लॉक के मतदाताओं के लिए विकास खंड कार्यालय परिसर में मतदान केंद्र बनाया गया था। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे गांव इटावा निवासी बीडीसी सदस्य गुड्डू अपना वोट डालने गया तो आरोप है कि गांव के ही महिला प्रधान रूबी के देवर कपिल ने उसे थप्पड़ मार दिया। इस पर नाराज रालोद व सपा कार्यकर्ताओं ने मतदान केंद्र के बाहर जमकर हंगामा किया। विधायक राजपाल बालियान के साथ मौके पर पहुंचे पूर्व ब्लॉक प्रमुख विनोद मलिक, बालकिशोर त्यागी, सुबोध त्यागी, सुरेंद्र सहरावत, कलवा त्यागी, हाजी जमशैद व पप्पन सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सीओ विनय गौतम के समझाने पर सभी लोग शांत हुए। मतदान समय के दौरान मतदान केंद्र के बाहर कई बार भाजपा कार्यकर्ताओं की सपा व रालोद कार्यकर्ताओं के साथ झड़प भी हुई। सीओ ने कहा कि मामले की जांच कराई जा रही है।
360 मतदाताओं ने किया मतदान
बुढ़ाना। मतदान केंद्र पर 374 में से 360 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उप जिलाधिकारी अरूण कुमार तथा खंड विकास अधिकारी कपिल कुमार ने बताया कि प्रात: 8 बजे से सायं 4 बजे तक हुए मतदान में 14 वोटर वोट डालने नही आए।