मेरठ। मेरठ में कचहरी में समझौते के बाद लौट रहे दंपती ने सरेराह जहर खा लिया। उनकी तबीयत बिगड़ी तो स्वजन ने मेडिकल कालेज में भर्ती कराया, जहां विवाहिता की मौत हो गई। युवक जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। लड़की पक्ष ने हत्या का आरोप लगाते हुए लालकुुर्ती थाने में तहरीर दे दी है। लालकुर्ती थाना प्रभारी अतर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
गंगानगर थाना क्षेत्र के मामेपुर गांव निवासी रवि और निशा ने एक साल पहले कोर्ट मैरिज कर ली थी। शुरू में दोनों लड़के के घर ही रह रहे थे, लेकिन कुछ दिनों बाद विवाद शुरू हुआ तो विवाहिता स्वजन के घर रहने लगी। तीन माह पहले लड़की पक्ष ने लड़के पक्ष पर गंगानगर थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया था। दोनों पक्षों में कई बार समझौते के लिए पंचायत हुई, लेकिन बात नहीं बन सकी थी। हालांकि प्रयास लगातार जारी थी।
कुछ दिनों पहले बात बन गई, जिसके चलते ही शुक्रवार को दोनों पक्ष कचहरी में समझौते के लिए आए थे। शाम को दंपती और परिवार के अन्य लोग लौट रहे थे। मवाना रोड पर दंपती ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। पीछे से आ रहे स्वजन ने देखा और आनन-फानन में उनको मेडिकल कालेज में भर्ती कराया, जहां विवाहिता की मौत हो गई। युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।
चिकित्सकों का कहना है कि 24 घंटे बेहद महत्वपूर्ण हैं। लड़की पक्ष ने लड़के पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। उधर, लालकुर्ती थाना प्रभारी अतर सिंह ने बताया कि समझौते के बाद दंपती जा रहे थे। उन्होंने रास्ते में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। लड़की की मौत हो गई, जबकि युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है, जिसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। शनिवार सुबह शव का पोस्टमार्टम भी कराया जाएगा।