अलीगढ. थाना दादों के गांव नगला मुंडा निवासी डॉ. मनवीर सिंह यादव नवाबपुर पेंडरा के सरकारी इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य हैं। उनका बेटा अमित यादव यूक्रेन में एमबीबीएस द्वितीय वर्ष में है। मंगलवार की रात डेढ़ बजे अमित की अपने पिता से मोबाइल पर बात हुई थी, जिसमें अमित ने बताया था कि वह खारकीव से पोलैंड की सीमा पर पहुंचने के लिए ट्रेन से निकले थे। इसके बाद से परिवार का अमित से कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है।
अमित ने अपने पिता को बताया था कि उनकी यूनिवर्सिटी में रात डेढ़ बजे हमला हुआ था। अमित सितंबर 2021 में यूक्रेन गए थे। एसडीएम रविशंकर सिंह ने बताया कि डॉ. मनवीर सिंह वर्तमान में अपने गांव में नहीं रह रहे हैं। उनसे मोबाइल पर वार्ता हुई है। उम्मीद है कि अमित यादव आसपास के किसी देश में पहुंच जाएंगे। उच्चाधिकारियों को सूचना दे दी गई है। डॉ. मनवीर सिंह परिवार समेत अलीगढ़ शहर के राजीव नगर में रहते हैं। उनकी बेटी डाली यादव ने बीडीएस की पढ़ाई की है। छोटा बेटा दीपेंद्र यादव नोएडा में रहकर पढ़ाई कर रहा है।