मुरादाबाद। युवती ने पुलिस को कॉल कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कमरे का दरवाजा खोल उसे बाहर निकाला। उसका आरोप था कि पुलिस ने युवकों को बिना कार्रवाई के छोड़ दिया।
अगवानपुर में जबरन संबंध बनाने से इनकार करने पर युवकों ने एक युवती की पिटाई के बाद उसे कमरे में बंद कर दिया। युवती ने किसी तरह पुलिस को घटना की सूचना देकर जान बचाई लेकिन पुलिस ने बिना कार्रवाई के सभी को छोड़ दिया। घटना सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के भगवानपुर में बुधवार की रात की बताई जा रही है।
युवती ने बताया कि एक लड़के ने फोन करके उसे बुलाया था। इसके बाद लड़के उसको खाली मकान में ले गए। आरोप है कि यहां आरोपियों ने युवती के साथ जबरन संबंध बनाने की कोशिश की। उसने इसका विरोध किया। इससे सभी लड़के मारपीट पर उतारू हो गए। उसने बाहर निकलने का प्रयास किया लेकिन उन्होंने पिटाई के बाद उसको कमरे में बंद कर दिया।
उसने किसी तरह डायल 112 पर कॉल करके पुलिस को जानकारी दी। पीआरवी और चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस युवती को कमरे से बाहर निकाला और लड़कों को पकड़ लिया। घटना से मोहल्ले में हंगामा हो गया। लोग मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस लोगों की मौजूदगी में सभी को चौकी में ले गई लेकिन रात में ही मामले को निपटा कर सभी को छोड़ दिया।
कटघर थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने अपने देवर पर छेड़खानी का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर पति समेत पांच के खिलाफ केस दर्ज किया है। पीड़िता ने बताया कि 22 अप्रैल 2018 को उसकी शादी मूंढापांडे थाना क्षेत्र के गांव निवासी युवक के साथ हुई थी।
आरोप है कि शादी के बाद से पति, सास, देवर, ससुर ने दहेज को लेकर उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। 27 अक्तूबर 2023 की रात करीब आठ बजे वह कमरे में अकेली थी। इसी समय देवर कमरे में घुस आया और छेड़खानी शुरू कर दी।
पीड़िता ने घटना की शिकायत पति से की, तब आरोपी पति, देवर, ससुर, ननदोई ने उसे कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटा। पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी पति, देवर, सास, ससुर, ननदोई समेत पांच के खिलाफ केस दर्ज किया है।