कानपुर। इन दिनों उत्तर प्रदेश का औद्योगिक शहर कानपुर इन्कम टैक्स के निशाने पर है। बड़ी वनस्पति तेल कम्पनी मयूर ग्रुप पर आयकर विभाग ने बड़ी कार्यवाही की है। आयकर विभाग की टीम ने मयूर वनस्पति के ठिकानों पर छापेमारी कर दस्तावेजों को खंगांलना शुरू कर दिया है।
कानपुर में आयकर विभाग ने गुरुवार सुबह मयूर ग्रुप के 35 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। करीब डेढ़ सौ से अधिक आयकर अफसरों ने कानपुर के सिविल लाइन, शक्करपटी समेत 20 और मध्यप्रदेश के 15 प्रतिष्ठानों पर एक साथ कार्यवाही की।
कानपुर स्थित आवास, कार्पोरेट कार्यालय, फैक्ट्री में कार्यवाही की गई। सुबह 6 बजे से कार्यवाही जारी है। बता दें कि मयूर ग्रुप वनस्पति तेल फूड आइटम्स और पैकेजिंग का काम करता हैं।
आयकर अधिकारियों की टीम पहुंचने पर मयूर ग्रुप के सभी परिसर सील कर दिए गए हैं। सूत्रों के मुताबिक मामला करीब 1 हजार करोड़ की टैक्स चोरी का बताया जा रहा है। अधिकारियों ने दस्तावेजों को खंगालना शुरू कर दिया है।
बताया जा रहा है कि सिविल लाइन पर मयूर ग्रुप की 5 मंजिला आलीशान कोठी है जिसमे 2 दर्जन से अधिक आयकर अधिकारियों की टीमें मौजूद हैं। कंपनी के दोनो डायरेक्टर भी इसी आलीशान कोठी में मौजूद हैं।
इससे पहले सन् 2019 और 2021 में भी मयूर ग्रुप पर छापेमारी हो चुकी है।