मेरठ। सात साल पहले प्रेम विवाह करने वाले दंपती ने मुफलिसी से तंग होकर जहरीला पदार्थ निगल लिया। करीबियों को पता चला तो उन्होंने आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती करा दिया। उनकी हालत नाजुक बनी है। देहलीगेट थाना क्षेत्र के मोहल्ले में दंपती अपने पांच वर्षीय पुत्र और तीन वर्षीय पुत्री के साथ रहते हैं। दोनों ने सात साल पहले प्रेम विवाह किया था। इन दिनों युवक के पास घर का खर्च चलाने का कोई जरिया नहीं था। नौकरी के लिए वह काफी जद्दोजहद कर रहा था।
इसके चलते परिवार में आए दिन घर में कलह होने लगा। सोमवार रात दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद दंपती ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। इससे दोनों की हालत बिगड़ने लगी। यह देख बच्चों ने आसपास के लोगों को जानकारी दी। यह भी पता चला है कि जहरीला पदार्थ निगलने के बाद दंपती ने ही खुद किसी करीबी को फोन कर बच्चों का ध्यान रखने की बात कही थी। इस पर आसपास के लोग उनके घर पहुंचे और दोनों को जिला अस्पताल ले गए। युवक की गंभीर हालत देखकर उसे निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। देहलीगेट पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।