बागपत। सुन्हैड़ा गांव का रहने वाला गौरव (26) दिल्ली में प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। वह बुधवार को नौकरी से वापस आकर घर से बाहर चला गया। वह रात तक वापस नहीं आया तो परिजन उसे तलाशने लगे। बृहस्पतिवार की सुबह खेत में पेड़ पर फांसी के फंदे पर उसका शव लटका मिला। परिजनों की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। मृतक के पिता चंद्रपाल ने बताया कि गौरव ड्यूटी से आने के बाद घर से बाहर जाने लगा तो उसे रोकने का प्रयास भी किया। मगर वह उसके बाद भी चला गया और उसका शव पेड़ पर लटका मिला। कोतवाली प्रभारी राजवीर सिंह का कहना है कि उसके शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं था। मामले की जांच कराई जा रही है।