बागपत। यमुना नदी में नहाते समय माता कालोनी के चार किशोर यमुना नदी में डूब गए। जिनके शोर मचाने पर यमुना किनारे खड़े गोताखोरों ने तीन किशोरों को बचाकर बाहर निकाला, जबकि आठवीं कक्षा का छात्र यमुना में लापता हो गया। जिसे तलाशने में पुलिस और गोताखोरों की टीम जुटी हुई है। शहर की माता कालोनी के रहने वाले रमेश का बेटा विपिन (12) शुक्रवार दोपहर तीन बजे अपने साथी दानिश, चांद और साकिब के साथ यमुना नदी में नहाने गया था। बताया कि नहाते समय चारों किशोर यमुना नदी में डूबने लगे। शोर मचाने पर पास में खड़े गोताखोर वहां पहुंचे।
जिन्होंने साकिब, दानिश और चांद को कड़ी मशक्कत के बाद बचाकर बाहर निकाल लिया। विपिन को नहीं बचा पाये और विपिन यमुना नदी में समा गया। विपिन जैन इंटर कालेज में आठवीं कक्षा का छात्र है। यमुना से निकाले गये चांद और साकिब की हालत बिगड़ने पर अस्पताल में उपचार कराया गया। विपिन के यमुना में डूबने का पता चलते ही परिवार वाले यमुना किनारे पहुंचे। जिन्होंने गोताखोरों और पुलिस के साथ मिलकर छात्र की तलाश शुरू कर दी, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। इस मामले में कोतवाली प्रभारी राकेश कुमार का कहना है कि यमुना में डूबे छात्र की तलाश की जा रही है।