नई दिल्ली। दिल्ली में एक बार फिर आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच तनाव की स्थिति है। इस बार कारण बने हैं दिल्ली में भाजपा नेता तजिंदर पाल सिंग बग्गा। अरविंद केजरीवाल के खिलाफ आपत्तिजनक ट्वीट के मामले में कार्रवाई करते हुए पंजाब पुलिस आज सुबह तजिंदर बग्गा के दिल्ली स्थित घर पर पहुंची और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
भाजपा का आरोप है कि बिना गिरफ्तारी वारंट के बग्गा को उठाया गया है। ताजा खबर यह है कि पंजाब पुलिस जब तजिंदर बग्गा को लेकर जा रही थी, तब हरियाणा के कुरुक्षेत्र में हरियाणा पुलिस ने रोक लिया है। वहीं दिल्ली में पंजाब पुलिस के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज किया गया है। इस तरह यह पूरा मामला अब आम आदमी बनाम भाजपा से होते हुए पंजाब बनाम हरियाणा भी हो गया है।
भाजपा का आरोप है कि पंजाब पुलिस ने तजिंदर बग्गा का अपहरण किया है। यही नहीं, बग्गा के पिता के साथ मारपीट की गई। उनके फोन छीन लिया गया। पंजाब पुलिस ने तजिंदर बग्गा और उनके परिवार के साथ बदसलूकी की। भाजपा ने आम आदमी पार्टी के मुख्यालय पर प्रदर्शन करने का ऐलान किया है।
पंजाब पुलिस ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा, आज सुबह कानून की उचित प्रक्रिया के बाद, तजिंदर पाल सिंह बग्गा को नई दिल्ली के जनकपुरी स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया गया है। उसे यहां लाया जा रहा है और कोर्ट में पेश किया जाएगा। एसएएस नगर पुलिस की एसआईटी आगे की जांच कर रही है।
तजिंदर बग्गा की गिरफ्तारी के पीछे उनका अरविंद केजरीवाल के खिलाफ दिया गया बयान है। तजिंदर पाल सिंह बग्गा ने कथिततौर पर अरविंद केजरीवाल को जान की धमकी दी थी। इस पर उनके खिलाफ 1 अप्रैल 2022 को एफआईआर दर्ज की गई थी। बग्गा पर भड़काऊ बयान देने, शत्रुता को बढ़ावा देने और आपराधिक धमकी के आरोप को लेकर मामला दर्ज किया गया था। कश्मीर फाइल्स के खिलाफ केजरीवाल के बयान के बाद भी बग्गा ने अपमानजनक टिप्पणी की थी।
आम आदमी पार्टी के विधायक नरेश बलियान ने सबसे पहले ट्वीट किया, ’लुच्चे-लफ़ंगो की पार्टी भाजपा नेता तजिंदर बग्गा को पंजाब पुलिस ने गिरफ़्तार किया। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जी को दिया था “जीने नही देंगे” की धमकी।’
भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने लिखा, तजिंदर बग्गा को पंजाब पुलिस के 50 जवान घर से गिरफ्तार करके ले गए। एक सच्चा सरदार है उसे ऐसी हरकतों से ना डराया जा सकता है, ना कमजोर किया जा सकता। एक सच्चे सरदार से इतना डर क्यों? तजिंदर बग्गा के बूढ़े पिताजी के साथ भी मार पीट की गई। उनके मुंह पर पंच मारा गया। ये पुलिस की वर्दी में गुंडे भेजे गए हैं क्या? ये गिरफ्तारी हैं या अपहरण ?