शामली। होली का त्योहार रविवार को परंपरागत तरीके और हर्षोल्लास के साथ धूमधाम से मनाया जाएगा। त्योहार को मनाने के लिए लोगों ने तैयारी की है। बाजार में भी खरीदारी के लिए ग्राहकों की भीड़ रही। इस बार होली पर भद्रा का साया रहेगा। भद्राकाल समाप्त होने के बाद होलिका दहन किया जाएगा। जिले में 775 स्थानों पर होलिका दहन होगा। होलिका स्थल पर पुलिस ने निगरानी शुरू कर दी है।
एएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि शामली क्षेत्र में 105 स्थानों पर होलिका दहन होगा। आदर्श मंडी थानाक्षेत्र में 58, कैराना में 30 स्थानों पर, कांधला में 105 व थानाभवन में 105 स्थानों पर होलिका दहन होगा। इसी तरह ऊन व झिंझाना क्षेत्र में भी अनेक स्थानों पर होलिका दहन होगा। होलिका दहन स्थलों की निगरानी के लिए थाना पुलिस को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। थाना प्रभारी से लेकर हल्का इंचार्ज और बीट कांस्टेबलों को होलिका स्थलों की निगरानी करने के लिए कहा गया है। शहर में जगह-जगह पर होलिका बनाई गई है। रविवार को सुबह से ही महिलाएं व्रत रखकर होलिका की पूजा अर्चना करेंगी।
इस साल होली के दिन पूर्णिमा तिथि को भद्रा रहने से होलिका दहन भद्राकाल के बाद होगा। बुढ़ाना रोड के ज्योतिषाचार्य प्रभु शंकर शास्त्री और तालाब रोड निवासी पंडित कुशलानंद जोशी के मुताबिक इस साल फाल्गुन पूर्णिमा रविवार को भद्रा पूंछ शाम 6:33 से रात्रि 7:53 तक, भद्रा मुख रात्रि 7:53 से रात्रि 10:06 तक प्रदोष के दौरान होलिका दहन नहीं होगा। होलिका दहन शुभ मुहूर्त 24 मार्च रात्रि 11.13 से 12.27 के बीच संपन्न होगा। उन्होंने बताया भद्रा ही प्रदोष व्यापिनी है। 25 मार्च सोमवार को तो वह प्रदोषकाल को बिल्कुल स्पर्श नहीं कर रही है। 24 मार्च को भद्रा अद्धैरात्रि 12: 33 मिनट से पहले 11:13 मिनट पर समाप्त हो रही है। इसीलिए होलिका दहन 24 मार्च की रात्रि को होगा। प्रदोष व्यापिनी फाल्गुन पूर्णिमा के दिन भद्रा रहित काल में होलिका दहन किया जाता है।
होलिका दहन शुभ मुहूर्त
पूर्णिमा तिथि शुरू- 24 मार्च 2024 को सुबह 09:54 बजे से।
पूर्णिमा तिथि समाप्त- 25 मार्च 2024 को दोपहर 12:29 बजे।
होलिका दहन रात में होता है इसलिए 24 की रात को दहन और 25 को दुल्हैंडी रहेगी।
होली के दिन भद्रा काल
भद्रा पूंछ- शाम 06:33 से रात्रि 07:53 तक।
भद्रा मुख- रात्रि 07:53 से रात्रि 10:06 तक।
प्रदोष के दौरान होलिका दहन भद्रा के साथ
होलिका दहन शुभ मुहूर्त- 24 मार्च रात्रि 11.13 से 12.27 के बीच।