सहारनपुर। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने कहा कि सरकार गैर भाजपाइयों के लिए जेल भरो अभियान चला रही है। देश पूंजीपतियों के हाथों में सौंप दिया है। किसानों की जमीनें व्यापारी खरीद रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष सरकार से ना डर कर जनता के हितों की आवाज मजबूती से उठाए।
राकेश टिकैत गांव मुस्तापुर में भाकियू अराजनैतिक के जिलाध्यक्ष का पद छोड़कर टिकैत में शामिल हुए नरेश स्वामी के संयोजन में आयोजित घर वापसी कार्यकर्ता सम्मेलन में बोल रहे थे। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने के लिए व्यवस्थापक की भूमिका में रहने की नसीहत दी। खर्च पर नियंत्रण तथा पुश्तैनी जमीनों को बेचने से किसान परहेज करें। टिकैत का घर वापसी करने वाले नरेश स्वामी, नीरज पहलवान और वीरेंद्र चौधरी ने पगड़ी पहना कर स्वागत किया। राष्ट्रीय सचिव चौधरी विनय कुमार ने पुनीत चौधरी को युवा मंडल महासचिव तथा वीरेंद्र चौधरी को मंडलीय मंत्री बनाने की घोषणा की।
पश्चिमी प्रदेश प्रवक्ता चौधरी रघुबीर सिंह, जिलाध्यक्ष चौधरी राजपाल सिंह, युवा जिलाध्यक्ष नदीम अंसारी, मंडल महासचिव डाॅ. राजबीर कांबोज, जिला महासचिव अजय कांबोज, चौधरी पदम सिंह आदि रहे। इससे पहले नागल और छुटमलपुर में चौधरी राकेश टिकैत को कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष मूसा प्रधान, कादिर, अमित मुखिया, हसीब मलिक आदि शामिल रहे।