नई दिल्ली । दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ईडी द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद राजधानी की राजनीति गरमा गई है। अरविंद केजरीवाल पर शराब नीति मामले में घोटाले का आरोप है। करोड़ों के शराब घोटाले में फंसे अरविंद केजरीवाल अन्ना हजारे के आंदोलन के बाद सुर्खियों में आए और बाद में आम आदमी पार्टी बनाकर दिल्ली की सत्ता पर काबिज हुए। भाजपा और कांग्रेस जैसी दिग्गज पार्टियों को टक्कर देकर आम आदमी पार्टी ने दो बार दिल्ली का चुनाव जीता और दिल्ली में सरकार बनाई। भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने वाले केजरीवाल खुद ही भ्रष्टाचार के आरोप में हिरासत में हैं। आइए जानते हैं कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पास कितनी संपत्ति हैं, पिछले पांच सालों में उनकी दौलत में कितना इजाफा हुआ, सीएम केजरीवाल की लाइफस्टाइल, आय, घर-गाड़ी और कुल संपत्ति के बारे में इस लेख के जरिए जान सकते हैं।
सीएम केजरीवाल के नाम पर घर नहीं है, वह मुख्यमंत्री आवास में रहते हैं। लेकिन उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल के नाम पर एक करोड़ का आलीशान बंगला है। रिपोर्ट के मुताबिक, पत्नी सुनीता केजरीवाल का बंगला हरियाणा के गुरुग्राम में स्थित है। 2010 में उन्होंने ये प्राॅपर्टी करीब 60 लाख रुपये में खरीदी थी।
चुनावी हलफनामा 2020 के मुताबिक, सीएम केजरीवाल के पास कोई गाड़ी नहीं है। हालांकि बतौर मुख्यमंत्री उन्हें कार और सिक्योरिटी समेत कई सुविधाएं और भत्ते मिलते हैं। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अरविंद केजरीवाल की मासिक आय 4 लाख रुपये है।
हलफनामे के मुताबिक, सीएम केजरीवाल की पत्नी के नाम म्यूचुअल फंड में 15.31 लाख रुपये जमा हैं। उनकी पत्नी के पास 6.20 लाख रुपये की मारुति बलेनो है।
2020 के चुनावी हलफनामें में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपनी संपत्ति का खुलासा किया। सीएम केजरीवाल 3.44 करोड़ की कुल संपत्ति के मालिक हैं। उनके पास 12 हजार और पत्नी के पास 9 हजार रुपये नगद हैं। परिवार के 6 बैंक अकाउंट बताए गए, जिसमें कुल 33.29 लाख रुपये जमा है। परिवार के पास 40 हजार का चांदी और 32 लाख का सोना है। उनपर किसी तरह का कर्ज नहीं है। साल 2015 के विधानसभा चुनाव के लिए दाखिल हलफनामे में उनकी संपत्ति 2.1 करोड़ बताई थी। पांच सालों में उनकी कुल आय 1 करोड़ 30 लाख का इजाफा हुआ है।