मेरठ। थाना लिसाड़ी गेट क्षेत्र के पहलवान नगर स्थित नूर गार्डन में लगातार बारिश होने के कारण एक मकान भरभरा कर नीचे गिर गया। गनीमत रही हादसे में किसी जान माल का कोई नुकसान नहीं हुआ है।
जानकारी के अनुसार थाना लिसाड़ी गेट क्षेत्र के पहलवान नगर स्थित नूर गार्डन में कई दिनों से लगातार बारिश होने के कारण खाली प्लॉट में पानी भरने के कारण एक मकान गिर गया। मकान का लेंटर पिलर पर बना हुआ था। यह मकान काफी मजबूत बना बताया जा रहा है। लेकिन इसके बावजूद गली में खाली प्लॉट में पानी भरने के कारण मकान लेंटर सहित गिर गया। गनीमत यह रही के यह मकान खाली था। मकान में कोई रह नहीं रहा था। जिसके चलते एक बड़ा हादसा टल गया। जिस समय मकान गिरा उस दौरान इसके आसपास कुछ बच्चे मोहल्ले के खेल रहे थे। वहीं आवारा किस्म के लड़के भी इस मकान के अंदर बैठे रहते थे।
लेकिन आज बारिश होने के कारण इस मकान के अंदर ना तो बच्चे खेल रहे थे और ना लड़के बैठे हुए थे। जिस वक्त मकान गिरने की स्थिति में था तो एक दो व्यक्ति यहां से गुजर रहे थे। जिन्हें आवाज देकर दूर किया। वरना वे गिरते हुए मकान की चपेट में आ सकते थे। बता दें कि इस पूरे इलाके में सभी गलियां कच्ची हैं। सड़कें नहीं बनी हैं। जिसकी शिकायत कई बार नगर आयुक्त दफ्तर जाकर की जा चुकी है। लेकिन यहां के लोगों की समस्या का कोई ध्यान नहीं दिया जाता है। यहां का पूरा क्षेत्र जलभराव से डूबा हुआ है। जिससे आने जाने वालों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।