मुजफ्फरनगर. मुजफ्फरनगर की खतौली विधानसभा के उपचुनाव के लिए सोमवार सुबह से मतदाता मतदान केंद्रों पर अपने मत का प्रयोग कर रहे हैं। खतौली विधान सभा क्षेत्र के सोंटा निवासी 90 वर्षीय महक सिंह साइकिल चलाकर मतदान केंद्र पहुंचे और मतदान किया। महक सिंह साइकिल चलाने का आज भी शौक रखते हैं। वह भारत के तीर्थ स्थलों और महानगरों में साइकिल से लंबी यात्रा कई बार कर चुके हैं।
सोमवार को सोंटा में पोलिंग बूथ पर भी महक सिंह मतदान करने शान से साइकिल पर मतदान करने पहुंचे। कहते है कि सड़कों का विकास, महंगाई पर लगाम और किसान मजदूरों के हितों को ध्यान में रखते हुए किया जाना चाहिए। मतदान करना राष्ट्र हित में जरूरी है।
सोंटा में मतदान के बाद केंद्र से बाहर आने पर महक सिंह को कुरेदा तो बोले मुद्दे तो बहुत है, पर चुनाव में प्रत्याशी देखा जाना भी जरूरी है। गांव की बदहाल सड़क का निर्माण होना चाहिए।
महक सिंह पिछले सात दशक से मतदान करते आ रहे हैं। साइकिल चलाने के शौकीन बुजुर्ग महक सिंह बताते हैं कि उन्होंने पूरे गांव में चुनाव की पर्चियों को वितरण किया। साइकिल से हजारों किलोमीटर की यात्रा कर चुके हैं। चाहे वह गोमुख, हो या फिर उज्जैन और प्रयागराज हर यात्रा को उत्साहपूर्वक साइकिल से यात्रा कर चुके हैं। बकौल महक सिंह चुनाव जीतने के बाद आम जन के मुद़्दों को नहीं भूलना चाहिए। ताकि जनप्रतिनिधियों पर भरोसा कायम रह सके।